कुमाऊं विश्वविद्यालय ने एलएनसीटीई भोपाल में आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय जू-जित्सु (महिला-पुरुष) प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया है। 22 से 24 अप्रैल तक चली इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय ने कुल 13 पदक अपने नाम किए।
विश्वविद्यालय ने प्रतियोगिता में सात स्वर्ण, पांच रजत और एक कांस्य पदक जीता। देशभर के 55 विश्वविद्यालयों के बीच यह उपलब्धि हासिल कर कुमाऊं विश्वविद्यालय ने अपनी मजबूत पहचान बनाई। प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि यह राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का उत्कृष्ट प्रदर्शन है। खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
नव्या पांडे पहले भी जीत चुकी हैं गोल्ड
डॉ. कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष कुमाऊं विश्वविद्यालय के महिला महाविद्यालय की नव्या पांडे ने जॉर्डन की राजधानी अम्मान में आयोजित 9वीं एशियन जु-जित्सु चैंपियनशिप में 45 किलोग्राम भार वर्ग (सिंगल इवेंट) में स्वर्ण पदक जीता था।
नव्या पांडे को उनकी उपलब्धि के बाद उत्तराखंड सरकार ने खेल कोटे के तहत वन विभाग में दरोगा पद पर नौकरी भी दी थी।
कुलपति ने दी पूरी टीम को बधाई
कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने इस वर्ष जी-जित्सु खेल को कुमाऊं विश्वविद्यालय में शामिल किया था, जिसके बाद यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने पूरी टीम को इस सफलता पर बधाई दी।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. मंगल सिंह, वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी, परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा, अधिष्ठाता छात्र प्रो. संजय पंत, कुलानुशासक प्रो. एच.एस. बिष्ट, विजिटिंग डायरेक्टर प्रो. ललित तिवारी सहित शिक्षकों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.