Feedback
प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट के कोतवाली थाना क्षेत्र से बड़ी वारदात सामने आई. यहां साउथ मलाका सब्जी मंडी चौराहा स्थित एक मकान में कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य, उनकी पत्नी अनीता, बेटी मीनाक्षी और बेटे अभिषेक की सिर कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा मंगलवार शाम तब हुआ जब पुलिस ने बाहर से बंद पड़े घर और दुकान का ताला तोड़कर चारों के खून से लथपथ शव अलग-अलग कमरों से बरामद किए. पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुरागों, दीवारों पर लिखे संदेशों और संदिग्धों की तलाश के आधार पर मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित कर दी हैं.
बंद घर और दुकान में मिले खून से लथपथ शव
शहर के बीचों-बीच स्थित मकान में मंगलवार शाम को सबसे पहले 70 वर्षीय मुखिया वीरेंद्र कुमार वैश्य, उनकी 65 वर्षीय पत्नी अनीता और 45 वर्षीय बेटी मीनाक्षी के शव बरामद हुए. पूरा मकान खंगालने के बाद देर शाम लापता 40 वर्षीय बेटे अभिषेक का शव उनकी ही 12-13 दुकानों में से एक दुकान के अंदर से मिला. अभिषेक का शव कई दिन पुराना लग रहा है और वह पूरी तरह फूल गया है. शवों की स्थिति को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी भारी चीज से मारकर हत्या की गई है.
दीवार और गत्ते पर लिखा मिला सुराग
इस मर्डर मिस्ट्री में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पुलिस को घटनास्थल पर छानबीन के दौरान एक दफ्ती (गत्ते) का टुकड़ा, बोर्ड और दीवारों पर ‘बंटी-बबली’ और ‘बहू ने मारा है’ लिखा मिला. पुलिस को आशंका है कि या तो मृतकों में से किसी ने मरने से पहले यह लिखा या फिर जांच भटकाने के लिए हत्यारों ने यह खेल रचा है. फिलहाल पुलिस लिखावट का मिलान कराने की प्रक्रिया शुरू कर रही है ताकि सच सामने आ सके.
छोटे बेटे की कथित प्रेमिका और बहू की तलाश
शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक वीरेंद्र का छोटा बेटा अश्वनी वैश्य और बहू पिछले साल धोखाधड़ी के मामले में जेल गए थे. अश्वनी अभी भी कौशाम्बी जेल में बंद है, जबकि उसकी कथित पत्नी व प्रेमिका ऋतु कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आई है. पुलिस को उम्मीद है कि ऋतु के मिलने पर सारे सवालों के जवाब मिल जाएंगे. एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजय पाल शर्मा के मुताबिक, अश्वनी और अभिषेक दोनों आपराधिक प्रवृत्ति के थे और उनकी पिता से अनबन रहती थी.
80 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
वारदात के खुलासे के लिए फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं. पुलिस ने आस-पास के 80 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है और करीबियों पर शक गहरा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक के कुछ विवादित संपर्क भी जांच के घेरे में हैं क्योंकि घटना से पहले घर के बाहर किसी से कहासुनी हुई थी. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और जल्द खुलासे का दावा किया है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू