कैमूर के मोहनिया प्रखंड के अधवार गांव में महिला की करंट लगने से मौत हो गई। महिला घास काटने गई थी, तभी वह ट्रांसफार्मर से निकले करंट की चपेट में आ गई। मृतक की पहचान मणिल कुमार गुप्ता की पत्नी रंगिता देवी के रूप में हुई है।
रंगिता देवी गांव के स्कूल प्रांगण और महावीर मंदिर के पास स्थित ट्रांसफार्मर के पास घास काट रही थीं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर से पिछले दो दिनों से लगातार स्पार्किंग और चिंगारियां निकल रही थीं।
रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने देखा शव
महिला घास काट रही थी, तभी वह अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गई। करंट इतना तेज था कि महिला को संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था। काफी देर बाद जब रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने महिला का शव पड़ा देखा, तो गांव में शोर मचाया।
इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों और उपप्रमुख नीतू सिंह के बेटे सत्यम सिंह सहित अन्य लोगों की मदद से परिजन शव को अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर जताई नाराजगी
मृतक महिला अपने पीछे दो छोटी बेटियां और एक बेटा छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है और मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.