कल्याण के एक निजी अस्पताल में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. योगेन्द्र जयसवाल पर मरीज के बेटे ने हमला कर दिया, जिससे डॉक्टरों में भारी गुस्सा है।
ठाणे में मरीज के बेटे ने डॉक्टर पर किया हमला।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में डॉक्टरों पर हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ हफ्ते पहले एक नगरसेवक की तरफ महिला डॉक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया था और अब कल्याण के एक निजी अस्पताल में एक और ऐसी ही शर्मनाक घटना घटी है।
शनिवार रात करीब 11 बजे, आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. योगेन्द्र जयसवाल अस्पताल में एक मरीज की जांच कर रहे थे। मरीज की पसली में फ्रैक्चर था। डॉक्टर साहब उन्हें इलाज और पट्टी बांधने का तरीका समझा रहे थे। तभी मरीज के बेटे ने बार-बार एक ही सवाल पूछना शुरू कर दिया और डॉक्टर से बहुत ही अपमानजनक और अनौपचारिक भाषा में बात करने लगा।
जब डॉक्टर जयसवाल ने उससे पूछा कि वह इस तरह से बात क्यों कर रहा है, तो उसने बदतमीजी से कहा, “तू अपने आप को क्या समझता है – कोई बहुत बड़ा डॉक्टर है क्या?
इसके बाद वह गुस्से में बाहर गया और डॉक्टर को गालियां देने लगा। जब डॉक्टर ने इसका विरोध किया, तो वह अंदर आया और उनकी पिटाई कर दी। इस घटना के बाद से डॉक्टर काफी सदमे में हैं।
बता दें कि कुछ ही हफ्ते पहले डोंबिवली में एक शिव सेना नगरसेवक द्वारा महिला डॉक्टर और स्टाफ की पिटाई का मामला सामने आया था। अब इस ताजा घटना ने एक बार फिर डॉक्टरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि वे दिन-रात अपनी मेहनत से लोगों की जान बचाते हैं, लेकिन इसके बदले उन्हें मारपीट और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है। इस माहौल में अस्पताल कैसे चलाएं, इसे लेकर पूरे मेडिकल समुदाय में रोष है और कड़ी सुरक्षा की मांग की जा रही है। फिलहाल पुलिस में मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।