अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर 20 तृणमूल सांसदों को मतदान से रोकने की मांग की है।
अभिषेक बनर्जी ने ओम बिरला को लिखा पत्र (File Photo)
अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष को हस्तक्षेप के लिए पत्र लिखा।
20 तृणमूल सांसदों को मतदान से रोकने की मांग की गई।
दल-बदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता याचिकाएं लंबित हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों के एनसीपीआई में शामिल होने और अलग संसदीय दल के रूप में उनकी गतिविधियों को लेकर विवाद गहरा गया है। ममता तृणमूल के लोकसभा में दल के नेता अभिषेक बनर्जी ने इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
28 नवंबर को लिखे पत्र में उन्होंने दल-बदल विरोधी कानून के तहत इन सांसदों के खिलाफ लंबित अयोग्यता याचिकाओं का शीघ्र निपटारा करने का आग्रह किया है। साथ ही मांग की है कि इन याचिकाओं पर फैसला होने तक 20 सांसदों को संसद के विशेष सत्र में मतदान में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी जाए।
अभिषेक ने पत्र में कहा है कि 19 जून 2026 को तृणमूल के टिकट पर निर्वाचित 20 सांसदों के खिलाफ संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्यता संबंधी आवेदन दाखिल किए गए थे। ये आवेदन अब भी विचाराधीन हैं। इसके बावजूद इन सांसदों के एनसीपीआइ में विलय का दावा किया जा रहा है और लोकसभा में उनके बैठने की अलग व्यवस्था भी की गई है।
अभिषेक का तर्क है कि संविधान की दसवीं अनुसूची के अनुसार कोई सांसद जिस राजनीतिक दल के उम्मीदवार के रूप में निर्वाचित होता है, उसे उसी दल का सदस्य माना जाता है।
उनका कहना है कि मूल राजनीतिक दल तृणमूल कांग्रेस का एनसीपीआइ में विलय नहीं हुआ है। ऐसे में 20 सांसदों के अलग होकर दूसरे दल में शामिल होने के दावे की संवैधानिक वैधता की जांच जरूरी है। उन्होंने आशंका जताई है कि अयोग्यता याचिकाओं पर फैसला होने से पहले इन सांसदों के मतों को गिनने से संविधान संशोधन विधेयक के पारित होने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
इसके लिए उपस्थित और मतदान करने वाले सांसदों के दो-तिहाई समर्थन की आवश्यकता है। अभिषेक ने लोकसभा अध्यक्ष से पूरे मामले की संवैधानिक और संसदीय प्रावधानों के अनुरूप जल्द समीक्षा करने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।