तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा और ऋषभ पंत की फिटनेस के कारण न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की टेस्ट और वनडे टीम का सिलेक्शन अटका हुआ है।
TOI ने दावा किया है कि सिलेक्टर्स इन प्लेयर्स की फिटनेस रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। चयन समिति टीम घोषित करने में आखिरी समय तक इंतजार कर सकती है। दोनों टीमों को 28 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होना है।
वनडे सीरीज 4 नवंबर से शुरू होगी। दो टेस्ट की सीरीज 19 नवंबर से खेली जाएगी। बता दें 22 अक्टूबर से शुरू हो रहे दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम का ऐलान किया जा चुका है।
फिटनेस की मंजूरी देने में सतर्क CoE
सूत्रों के मुताबिक, BCCI का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस रिहैब के बाद खिलाड़ियों को फिटनेस मंजूरी देने में CoE सावधानी बरत रहा है। पंत और प्रसिद्ध की चोट पहली नजर में गंभीर नहीं लगती।
सूत्र ने कहा, ‘CoE कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। इसी वजह से दोनों खिलाड़ियों को वहां पहुंचने पर तीन-तीन हफ्ते का समय दिया गया।’
तीनों को सिलेक्ट करना चाहते हैं सिलेक्टर्स
चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट हर्षित राणा को दोनों फॉर्मेट में शामिल करना चाहते हैं। उन्हें नंबर 8 पर बल्लेबाजी करने वाले तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर सही विकल्प माना जा रहा है।
प्रसिद्ध कृष्णा को टेस्ट और ODI, दोनों में तेज गेंदबाजी आक्रमण का प्रमुख सदस्य माना जा रहा है। वहीं, दो टेस्ट की सीरीज में ऋषभ पंत बल्लेबाजी की मुख्य कड़ी होंगे।
दूसरे वनडे में चोटिल हुए थे प्रसिद्ध कृष्णा
प्रसिद्ध कृष्णा को 30 सितंबर को गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा ODI बीच में छोड़ना पड़ा था। उन्हें तीन हफ्ते का समय दिया गया।
BCCI ने सोमवार को बताया कि ऋषभ पंत 24 अक्टूबर से शुरू होने वाले पहले दो इंडिया ‘A’ चार दिवसीय मैच नहीं खेलेंगे। ईरानी कप मैच के दौरान उन्हें साइड स्ट्रेन हुआ था।
हर्षित राणा को सितंबर में इंग्लैंड दौरे में चोटिल हुए थे। उन्हें 25 जून को रिटर्न-टु-प्ले मैच सिमुलेशन से गुजरना है।
—————————————————
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.