Written By Shariqul Hoda
बेंगलुरु में चेन स्नैचिंग का आरोपी प्रभुराज (Photo-Screengrab and X)
Bengaluru Chain-Snatching: बेंगलुरु के इंदिरा नगर इलाके में एक दुकान पर लूट की कोशिश उस वक्त बंधक जैसी स्थिति में बदल गई, जब एक आरोपी ने 23 साल की महिला की सोने की चेन छीनकर भागने की कोशिश की और उसे चाकू दिखाकर धमकाया. ये घटना 31 अक्टूबर को हुई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान 40 साल के प्रभुराज के तौर पर हुई है.
पुलिस शिकायत के मुताबिक ‘100 फीट रोड’ पर जूतों और बैग की मरम्मत करने वाली एक दुकान पर रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली महिला वहां अकेली थी. तभी सुबह करीब 11:45 बजे हेलमेट पहने एक शख्स दुकान के अंदर आया. आरोपी रिसेप्शन काउंटर के ऊपर से कूदकर अंदर आया, महिला को काबू कर लिया और शोर मचाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी. उसने महिला की उंगलियों पर ‘इंस्टेंट ग्लू’ लगा दिया ताकि वो दुकान का इमरजेंसी अलार्म न बजा सके. उसने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और चाकू दिखाकर डराया-धमकाया. इसके बाद आरोपी ने महिला का सोने का मंगलसूत्र लूट लिया, जिसका वजन लगभग 35 ग्राम और कीमत तकरीबन 4.5 लाख रुपये थी.
हाथों पर ग्लू लगे होने के बावजूद महिला किसी तरह अलार्म बजाने में कामयाब रही, जिससे लोगों का ध्यान उसकी तरफ गया. जब बाहर लोग इकट्ठा हो गए, तो आरोपी ने महिला के बाल पकड़कर उसे खींचा और उसकी गर्दन पर चाकू लगा दिया, ताकि वो उसे ढाल की तरह इस्तेमाल कर सके. उसने भीड़ को पास न आने की चेतावनी दी और जब लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने दुकान के मालिक पर हमला कर दिया. सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला को चाकू की नोक पर बंधक बनाए हुए देखा जा सकता है, जबकि दुकान के बाहर लोग जमा हैं.
बाद में स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने प्रभुराज को ढूंढ निकाला और हिरासत में ले लिया. उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. अधिकारियों ने कंफर्म किया है कि महिला सुरक्षित है और उसे कोई चोट नहीं आई है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज किया है. जांचकर्ता आरोपी के बैकग्राउंड और घटना से जुड़े हालात की भी जांच कर रहे हैं.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।
Follow us :
B.A.G Convergence Limited Film
City, Sector 16A, Noida, Uttar
Pradesh 201301