Delhi Rain: दिल्ली-NCR में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली. तेज बारिश और गरज-चमक के साथ हुई बौछारों ने कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी. इसका असर राजधानी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला, जहां एयरपोर्ट परिसर और पहुंच मार्ग के कुछ हिस्सों में पानी जमा हो गया.
भारी बारिश के कारण शुक्रवार शाम 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच दिल्ली एयरपोर्ट से संचालित नौ उड़ानों को डायवर्ट किया गया. इनमें चार उड़ानों को जयपुर, चार को लखनऊ और एक उड़ान को अहमदाबाद भेजा गया. लखनऊ डायवर्ट की गई उड़ानों में बेंगलुरु-दिल्ली की QP 1821, लुधियाना-दिल्ली की AI 484, इंदौर-दिल्ली की AI 2516 और हैदराबाद-दिल्ली की AI 2541 शामिल थीं.
दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से बताया गया कि तेज बारिश के बाद एप्रोच रोड और फोरकोर्ट एरिया में पानी जमा हो गया था. एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि जमा पानी को थोड़े समय बाद हटा दिया गया और उड़ानों के संचालन को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. हालांकि, मौसम खराब रहने की वजह से यात्रियों को उड़ानों के समय में बदलाव और संभावित देरी का सामना करना पड़ सकता है.
बारिश का असर केवल एयरपोर्ट तक सीमित नहीं रहा. पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों में भी तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया. सागरपुर के गांधी मार्केट में जलभराव की स्थिति देखी गई. कई रिहायशी कॉलोनियों में भी बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक प्रमुख सड़कों पर बड़े स्तर के जलभराव या भारी ट्रैफिक जाम की सूचना फिलहाल नहीं थी.
मौसम अगर लंबे समय तक इसी तरह बना रहा तो आने वाले घंटों में स्थिति और खराब हो सकती है. लगातार बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने दिल्ली-NCR के लिए अगले दिन भी राहत की उम्मीद नहीं जताई है. विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार 5 सितंबर को हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है. दिल्ली के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान में भी अलग-अलग समय पर गरज-चमक, बिजली गिरने और मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों के लिए भी 4 और 5 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी है.
शुक्रवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान था. दिनभर बादल छाए रहने और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना बनी हुई है.
दिल्ली में बारिश के इस दौर के पीछे उत्तर-मध्य भारत में सक्रिय मानसूनी सिस्टम को वजह माना जा रहा है. IMD के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र मौसम को प्रभावित कर रहा है. यह सिस्टम मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश करा रहा है और इसके प्रभाव से दिल्ली-NCR में भी बादल, बारिश और गरज-चमक का दौर बना हुआ है.
मौसम विभाग के अनुसार 6 सितंबर से दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट फिलहाल नहीं है. हालांकि इसके बाद भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. sफिलहाल दिल्ली-NCR के लोगों के लिए शनिवार भी बारिश से राहत वाला दिन नजर नहीं आ रहा. एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों और सड़क से सफर करने वालों को मौसम और ट्रैफिक की स्थिति देखकर अपनी यात्रा की योजना बनाने की जरूरत होगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
हल्द्वानी से दिल्ली के बड़े न्यूजरूम तक… तनुजा जोशी, उत्तराखंड के शांत और खूबसूरत शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखती हैं. देहरादून के ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED