Feedback
दिल्ली के बाबा हरिदास नगर इलाके में 40 हजार रुपये के कर्ज विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली. दो भाइयों ने 36 वर्षीय व्यक्ति को थप्पड़ मारा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
घटना 25 अगस्त की शाम की है, जब बाबा हरिदास नगर पुलिस स्टेशन में PCR कॉल आई कि एक व्यक्ति की विवाद के बाद मौत हो गई है. मृतक की पहचान गंगा राय के रूप में हुई, जो मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला था और फिलहाल बाबा हरिदास नगर में रहता था.
आरोपियों की पहचान
पुलिस ने बताया कि इस मामले में जिन दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी पहचान रंजीत यादव और उसके भाई रामू यादव के रूप में हुई है. दोनों दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के दीनपुर गांव के निवासी हैं.
कर्ज विवाद बना जानलेवा
पुलिस के अनुसार, गंगा राय ने करीब दो साल पहले रंजीत और रामू से 40 हजार रुपये उधार लिए थे. कई बार मांगने के बावजूद उसने पैसे वापस नहीं किए. इसी को लेकर सोमवार शाम विवाद हुआ.
कैसे हुई घटना?
सोमवार शाम गंगा राय घर निर्माण कार्य के लिए शटरिंग का काम देख रहा था. इसी दौरान दोनों आरोपी वहां पहुंचे और पैसे की मांग करने लगे. बहस के दौरान रंजीत ने गंगा राय को जोर से थप्पड़ मारा. राय मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा.
अस्पताल में हुई मौत
बेहोश गंगा राय को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल, जाफरपुर कला भेजा गया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया. उनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या (Culpable Homicide) का मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू