Feedback
देश के कई हिस्सों में मॉनसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं. मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. इस बीच दिल्ली-NCR के मौसम को लेकर मौसम विभाग का रेड अलर्ट अपडेट सामने आया है. राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में मंगलवार सुबह सुबह हल्की बारिश शुरू हुई. रडार इमेजरी के मुताबिक, मौजूदा वेदर सिस्टम के प्रभाव से मंगलवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है.
इस दौरान 15 से 30 मिमी तक बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. कुछ इलाकों में 30 से 50 मिमी तक भारी बारिश भी हो सकती है. दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में सोमवार को भी मॉनसूनी बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिली. बारिश से उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली. हालांकि, राजधानी में मंगलवार के बाद बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने का अनुमान है.
आईएमडी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बुधवार दोपहर से पहले हल्की से बहुत हल्की बारिश की संभावना है. गुरुवार से रविवार तक बारिश की उम्मीद कम है, हालांकि आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
UP-MP में भारी बारिश का अलर्ट
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25-27 अगस्त के दौरान काफी ज्यादा बारिश हो सकती है. मध्य प्रदेश में भी कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. डिंडोरी, बालाघाट, नर्मदापुरम, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, दमोह और सागर समेत कई जिलों में अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल, रीवा, शहडोल और जबलपुर संभागों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है.
हिमाचल और उत्तराखंड का मौसम
हिमाचल प्रदेश में 25 से 30 अगस्त तक कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इसी दौरान पूरे राज्य में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी अनुमान लगाया है. उत्तराखंड में 25 से 30 अगस्त के बीच करीब-करीब पूरे राज्य में बारिश का पूर्वानुमान है. इस दौरान कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है. पूर्वी राजस्थान में 26 अगस्त तक कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है.
महाराष्ट्र के कई इलाकों में येलो अलर्ट
महाराष्ट्र में बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर दिखाई दे सकता है. इसके चलते पूर्वी विदर्भ, मराठवाड़ा और घाट क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है. आईएमडी ने इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के दौर जारी रहने का अनुमान है.
केरल में भी मौसम अस्थिर बना हुआ है. राज्य के तीन जिलों में मंगलवार के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब केरल ओणम के त्योहार की तैयारियों में जुटा है. ओडिशा में 26 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, उत्तराखंड में 28 अगस्त तक कुछ इलाकों में अलग-अलग जगहों पर तेज बारिश हो सकती है.
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून सक्रिय
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी मॉनसून सक्रिय रहने का अनुमान है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 28 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है. झारखंड में भी इस अवधि के दौरान कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. बिहार में 25 और 26 अगस्त को बारिश का दौर सक्रिय रह सकता है.
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा. मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. हालांकि दिल्ली में अगले कुछ दिनों में बारिश कमजोर पड़ सकती है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू