Feedback
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब देश के उत्तरी हिस्सों की ओर तेजी से बढ़ रहा है. 1 जुलाई 2026 को मॉनसून ने उत्तर अरब सागर, पूरे दमन और दीव, गुजरात के कई हिस्सों, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के अधिकांश क्षेत्रों में दस्तक दे दी है. इसके अलावा हरियाणा और पंजाब के भी कुछ इलाकों में मॉनसून आगे बढ़ चुका है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान मॉनसून के और आगे बढ़ने की परिस्थितियां बेहद अनुकूल बनी हुई हैं.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून उत्तर अरब सागर के बाकी हिस्सों, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कुछ और इलाकों को भी कवर कर सकता है. इससे उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने बताया कि इस समय कई मौसमी प्रणालियां एक साथ सक्रिय हैं, जिनकी वजह से देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दायरा बढ़ रहा है. पंजाब से लेकर उत्तर बंगाल की खाड़ी तक मौसमी ट्रफ (Seasonal Trough) बनी हुई है. वहीं उत्तर बंगाल की खाड़ी और दक्षिण बांग्लादेश के आसपास एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो पूर्वी और मध्य भारत में बारिश को और तेज कर सकता है.
इसके अलावा पूर्वी बिहार के ऊपर भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. महाराष्ट्र से उत्तरी केरल तट तक ऑफशोर ट्रफ सक्रिय है, जबकि मध्य प्रदेश से पूर्व-मध्य अरब सागर तक एक और ट्रफ फैली हुई है. इन सभी मौसम प्रणालियों के कारण देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है.
आज (2 जुलाई) की बात करें तो स्काईमेट के मुताबिक, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों, दक्षिण मध्य प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. तेलंगाना, लक्षद्वीप, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.
वहीं पश्चिमी हिमालयी राज्यों, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान और गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु में भी हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू