भारत में छठी पीढ़ी का फाइटर जेट बन रहा है। इसकी पहली उड़ान 2030 तक संभव है। तकनीक और लड़ाई के तरीकों के आधार पर फाइटर जेट्स को अलग-अलग पीढ़ियों में बांटा गया है।
अभी देश का आधिकारिक स्वदेशी स्टेल्थ फाइटर कार्यक्रम पांचवीं पीढ़ी का एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट है। छठी पीढ़ी के फाइटर जेट की पटकथा प्राइवेट सेक्टर लिख रहा है। डिफेंस कंपनी रेफी एमफाइबर इसे तैयार कर रही है।
सोमवार को नेशनल सिक्योरिटी समिट में वायुसेना अधिकारियों की मौजूदगी में कंपनी के अध्यक्ष विकास मिश्रा ने देश काे छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान देने का ऐलान किया।
कंपनी के सूत्र ने बताया कि विमान छठी पीढ़ी के तमाम मानकों पर खरा उतरता है। कई मामलों में यह अमेरिका के एफ-35 लड़ाकू विमान के पैरामीटर्स से भी आगे है।
12 देशों के इंजीनियर मिलकर काम कर रहे
इस फाइटर जेट को बनाते समय वायुसेना की जरूरतों का भी ध्यान रखा जा रहा है। कंपनी के अनुसार उसके साथ 12 देशों के विमान इंजीनियर जुड़े हैं। दावा है कि उसने दुनिया में सर्वाधिक पेटेंट दायर किए हैं। एयरक्राफ्ट डिजाइन और निर्माण के लिए 10 करोड़ डॉलर का फंड जुटाया है। ड्रोन में विशेषज्ञता के साथ कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर में 7 लाख वर्ग फुट में अपनी फेसिलिटी भी तैयार की है।
समुद्र की आवाजें सुनकर सैटेलाइट से संकेत भेजेगा DRDO का यंत्र
हिंद महासागर में चीनी पनडुब्बियों की मौजूदगी और पाकिस्तान की बढ़ती क्षमता के बीच भारत समुद्री निगरानी मजबूत कर रहा है। डीआरडीओ ने ‘वरुण ध्वनि-01’ बनाया है, जो समुद्र के भीतर की आवाजें दर्ज कर संकेत जीसैट उपग्रह से रक्षा प्रयोगशाला भेजेगा। कोच्चि की नौसेना प्रयोगशाला ने इसे बनाया है। इसे दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में तैनात किया जाएगा।
5वीं पीढ़ी के फाइटर के लिए जल्द चुना जाएगा निजी साझेदार
रक्षा मंत्रालय पांचवीं पीढ़ी के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) के विकास के लिए 3 औद्योगिक गठबंधनों में से एक का चयन इसी महीने करेगा। इनमें एलएंडटी, भारत फोर्ज और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के गठबंधन शामिल हैं। चुना गया गठबंधन एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी के साथ मिलकर परियोजना पर काम करेगा।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.