पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से दैनिक भास्कर ने “एक पेड़, एक जिंदगी” महाअभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत देशभर में 75 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य लोगों को “पेड़ लगाएं, धरती बचाएं” का संदेश दे
अभियान के तहत अखबार में प्रकाशित क्यूआर कोड को स्कैन कर पौधारोपण की तस्वीरें प्रतिदिन एक माह तक भेजी जा सकती हैं। चयनित तस्वीरों का प्रकाशन दैनिक भास्कर में किया जाएगा। साथ ही पौधारोपण करने वाले प्रतिभागियों को दैनिक भास्कर की ओर से प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
मंगलवार को मंदार वन प्रक्षेत्र (बौंसी) में विशेष बीजारोपण कार्यक्रम के साथ अभियान का शुभारंभ हुआ। क्षेत्र के दर्जनों सरकारी एवं निजी विद्यालयों में उत्साहपूर्वक अश्वगंधा के बीज रोपे गए। दुमका रोड स्थित लिटिल चैंप किड्स प्ले स्कूल में नगर पंचायत के वार्ड पार्षद गुलशन कुमार सिंह, नवनीत कुमार विनीत, संजय यादव, मिलन आनंद, स्कूल के प्राचार्य रूपा साह एवं विद्यालय के अन्य सदस्यों ने संयुक्त रूप से बीजारोपण कर अभियान की शुरुआत की।
इसके अलावा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय खिजूरमुरिया सहित दैनिक भास्कर के नियमित पाठकों ने भी अपने-अपने घरों के गमलों में अश्वगंधा के बीज बोकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने धरती को हरा-भरा बनाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प दोहराया।
बरसात के मौसम के साथ बुधवार से जिले के सभी प्रखंडों के स्कूलों एवं विभिन्न संस्थानों में यह वृक्षारोपण अभियान पूरे एक माह तक चलेगा। दैनिक भास्कर के इस महाअभियान से जुड़कर बड़ी संख्या में लोग पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने में अपना योगदान दे रहे हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.