रामगढ़ क्षेत्र के नौगावां थाना पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को दो अवैध देशी कट्टों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 312 व 315 बोर के दो देशी कट्टे, 312 बोर के पांच खाली कारतूस तथा 315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया- यह कार्रवाई अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थाना प्रभारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुबारिकपुर रोड स्थित यादव फार्म के पास एक युवक अवैध हथियारों के साथ मौजूद है।
तलाशी में मिले दो अवैध देशी कट्टे
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी यशपाल (19) पुत्र मोती सिंह, निवासी नौगावां, थाना नौगावां, जिला अलवर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो अवैध देशी कट्टे, पांच खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब यह जांच की जा रही है कि आरोपी ने हथियार कहां से प्राप्त किए और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हितेश शर्मा के साथ हेड कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल राजेश कुमार, सुनील कुमार, सतेन्द्र कुमार और बिजेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की सफलता माना जा रहा है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.