नमित मल्होत्रा की ‘रामायणम्’ में जटायु की एंट्री, धर्म और साहस के प्रतीक इस किरदार को अनूपम खेर ने दी अपनी आवाज़ – Bharat24live

Saurabh Sharma
Date: 13-10-26 12:40
Ramayana: नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. फिल्म के मेकर्स अब एक-एक करके महागाथा के प्रमुख किरदारों से पर्दा उठा रहे हैं. इसी कड़ी में जटायु का नया पोस्टर सामने आया है, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा है. खास बात यह है कि रामायण के इस वीर और धर्मनिष्ठ पात्र को दिग्गज अभिनेता अनूपम खेर अपनी आवाज देंगे. फिल्म में जटायु का किरदार केवल एक पक्षी की भूमिका तक सीमित नहीं है, बल्कि वह अन्याय के खिलाफ खड़े होने और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने का प्रतीक है.
‘धर्म के पंख’ के साथ सामने आया जटायु का पोस्टर
‘रामायणम्’ के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर जटायु का नया पोस्टर साझा किया है. पोस्टर में जटायु की गंभीर और प्रभावशाली आंखें उनके साहस और दृढ़ संकल्प को बयां करती नजर आती हैं. एक अन्य दृश्य में वह अपने विशाल पंख फैलाए दिखाई देते हैं. पोस्टर को ‘धर्म के पंख’ शीर्षक दिया गया है, जो इस किरदार की बहादुरी और सत्य के प्रति अटूट निष्ठा को दर्शाता है. फिल्म के अन्य पात्रों के पोस्टर्स की तरह जटायु का यह लुक भी दर्शकों को रामायण की महागाथा के एक महत्वपूर्ण प्रसंग की याद दिलाता है.
अनूपम खेर की आवाज में सुनाई देगी जटायु की वीरता
जटायु के किरदार को अनूपम खेर अपनी आवाज देंगे. मेकर्स ने पोस्टर के साथ एक भावपूर्ण संदेश भी साझा किया है, जिसमें बताया गया है कि जब अधर्म ने उड़ान भरी, तब साहस उसका सामना करने के लिए खड़ा हुआ. जटायु ने विजय पाने के लिए नहीं, बल्कि सही का साथ देने के लिए युद्ध किया. यह संदेश इस पात्र के मूल चरित्र को सामने लाता है. अनूपम खेर की दमदार आवाज से जटायु के साहस, बलिदान और धर्म के प्रति समर्पण को फिल्म में प्रभावशाली अंदाज में पेश किए जाने की उम्मीद है.
माता सीता को बचाने के लिए रावण से भिड़ गए थे जटायु
रामायण में जटायु का प्रसंग साहस और निष्ठा की मिसाल माना जाता है. जब रावण माता सीता का हरण करके उन्हें लंका ले जा रहा था, तब जटायु ने उसे रोकने का प्रयास किया. रावण की ताकत से परिचित होने के बावजूद उन्होंने अन्याय के सामने हार नहीं मानी और माता सीता की रक्षा के लिए उससे युद्ध किया. इस संघर्ष में जटायु गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उनका प्रयास धर्म की रक्षा के लिए किए गए सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक बन गया. ‘रामायणम्’ में इस किरदार के जरिए दर्शकों को उसी वीरता और कर्तव्यनिष्ठा की झलक देखने को मिल सकती है.
रणबीर कपूर से यश तक इन सितारों से सजेगी ‘रामायणम्’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ में भारतीय सिनेमा के कई बड़े सितारे नजर आएंगे. रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में दिखाई देंगी. यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म को दो भागों में तैयार किया जा रहा है. मेकर्स का लक्ष्य रामायण की इस कालजयी कथा को भव्य सिनेमाई रूप में दर्शकों तक पहुंचाना है.
पांच भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
‘रामायणम्’ का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से किया है. फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए निर्धारित है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा. फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी. दर्शक इसे IMAX फॉर्मेट में भी देख सकेंगे. वितरण की बात करें तो सोनी पिक्चर्स भारत के बाहर फिल्म को वितरित करेगी, जबकि हिंदी भाषा बाजार में इसकी जिम्मेदारी धर्मा प्रोडक्शंस संभालेगा. फिल्म के पहले भाग की एडवांस बुकिंग दशहरे पर शुरू होने की जानकारी भी दी गई है.
ये भी पढ़ें- ‘रामायणम्’ के नए पोस्टर में राम-सीता और रावण के अवतार में दिखे रणबीर-साई और यश, रिलीज डेट से उठा पर्दा
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News