निक्की को जिंदा जलाकर मारते हुए क्या बोला था विपिन; FIR में किन-किन के नाम, कौन सी धाराएं – Hindustan

ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में दहेज के लिए विवाहिता को पेट्रोल डाल जिंदा जलाकर मार डालने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। महिला के परिवार ने बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए शनिवार को कासना कोतवाली का घेराव किया। कासना थाना पुलिस ने मृतका निक्की की बड़ी बहन और प्रत्यक्षदर्शी कंचन की शिकायत के आधार पर निक्की के पति विपिन, सास दया, ससुर सत्यवीर भाटी और जेठ रोहित भाटी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 103(1), 115(2) और 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है। कंचन ने बताया कि निक्की को मारते हुए विपिन ने कहा था कि इस बार तुम्हारी पंचायत को भी देखूंगा। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और फरार चल रहे आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
रूपबास गांव निवासी दो बहनों कंचन और निक्की की शादी वर्ष 2016 में सिरसा गांव के रहने वाले रोहित और विपिन से हुई थी। परिजनों ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग दोनों बहनों को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। दहेज में एक गाड़ी और बुलेट बाइक दी गई थी। इसके अलावा 35 लाख रुपये की और मांग की जा रही थी।
कंचन ने बताया कि ससुराल वालों ने उसकी बहन निक्की के साथ गुरुवार की रात बुरी तरह मारपीट की। आरोप है कि उसे पेट्रोल डालकर जला दिया गया। कंचन ने पड़ोसियों की मदद से निक्की को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया था, जहां इलाज के दौरान निक्की ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि 10 दिन पहले भी विवाहिता के साथ मारपीट को लेकर सिरसा गांव में पंचायत हुई थी। इसके बाद से विवाहिता का पति नाराज था। काफी दिन से मामला बिगड़ रहा था। कंचन ने बताया कि निक्की को मारते हुए विपिन ने कहा था कि इस बार तुम्हारी पंचायत को भी देखूंगा।
पुलिस ने कंचन की शिकायत पर निक्की के पति विपिन समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने विपिन को गिरफ्तार कर लिया है। उधर इस घटना के विरोध में शनिवार को परिजन और ग्रामीण कासना कोतवाली पहुंचे। ग्रामीणों ने निक्की को न्याय दिलाने के लिए नारेबाजी की। पुलिस के अधिकारियों ने आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और वापस अपने गांव लौटे।
कासना कोतवाली पहुंचे लोगों ने इस घटना को लेकर पुलिस को दो दिन का समय दिया है। इसके बाद परी चौक जाम करने की चेतावनी दी है। लोगों ने कहा कि यदि दो दिन में पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है तो परी चौक पर जाम लगाकर हंगामा किया जाएगा।
सिरसा गांव में विवाहिता निक्की के साथ मारपीट और उसे जलाने के कई वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। फेसबुक, इंस्टाग्राम, वॉट्सऐप आदि प्लैटफॉर्म पर लोगों ने निक्की को न्याय दिलाने की मांग की। आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस घटना के विरोध में सपा छात्र सभा के जिला अध्यक्ष मोहित नागर और कुछ किसान संगठन के पदाधिकारी भी परिवार के साथ कोतवाली पहुंचे और धरना दिया। सभी ने एक राय होकर निक्की को इंसाफ दिलाने की मांग की।
सुधीर कुमार, एडीसीपी, ग्रेटर नोएडा ”पुलिस ने कार्रवाई कर मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीम अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News