नितिन नवीन के भाषण से AI के जरिए छेड़छाड़ का आरोप, दिल्ली बीजेपी ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत – AajTak

Feedback
दिल्ली बीजेपी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बयान को AI और डीपफेक तकनीक के जरिए तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई है. दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी के छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत सौंपी.
बीजेपी के मुताबिक, नितिन नवीन ने 22 नवंबर 2026 को चंडीगढ़ में एक सार्वजनिक जनसभा को संबोधित किया था. पार्टी का आरोप है कि इस संबोधन की वास्तविक वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ छेड़छाड़ कर AI और डीपफेक तकनीक के जरिए एक भ्रामक वीडियो तैयार किया गया. इसमें नितिन नवीन के नाम से ऐसे बयान प्रसारित किए गए, जो उन्होंने अपने वास्तविक संबोधन में नहीं दिए थे.
बीजेपी प्रतिनिधिमंडल में सांसद प्रवीन खंडेलवाल, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भाटिया, प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर और प्रदेश लीगल प्रमुख अधिवक्ता संकेत गुप्ता भी शामिल थे.
क्या है बीजेपी का आरोप
बीजेपी का आरोप है कि सोशल मीडिया पर न्यूज एजेंसी ANI की वास्तविक वीडियो कवरेज जैसी दिखने वाली रिकॉर्डिंग का कथित तौर पर डिजिटल तरीके से इस्तेमाल किया गया. इसमें भारत-चीन संबंधों, पाकिस्तान, शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सम्मेलन और भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस MK-1 जैसे संवेदनशील राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर नितिन नवीन के नाम से कथित तौर पर झूठे और भ्रामक बयान तैयार कर प्रसारित किए गए.
डीपफेक को लेकर हर्ष मल्होत्रा का बयान
शिकायत सौंपने के बाद हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन तकनीक का दुरुपयोग कर किसी नेता के नाम से फर्जी भाषण तैयार करना और उसे वास्तविक बताकर प्रसारित करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में नहीं आ सकता.
उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक आलोचना या विचारों की अभिव्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि किसी वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता के चेहरे, आवाज और वास्तविक सार्वजनिक संबोधन का कथित डिजिटल दुरुपयोग कर फर्जी बयान को वास्तविक बताकर लोगों के बीच प्रसारित करने का मामला है. बीजेपी का कहना है कि इससे संबंधित नेता की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ विदेश नीति, सामरिक हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भ्रम और अविश्वास पैदा हो सकता है.
आज माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी के AI-generated फर्जी वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर जनता को गुमराह करने और भ्रम फैलाने के गंभीर मामले में भारतीय जनता पार्टी, दिल्ली प्रदेश की डेलिगेशन के साथ DCP Central, Delhi के कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। ऐसे कृत्य लोकतंत्र पर सीधा प्रहार हैं और इन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। शिकायत के माध्यम से तत्काल FIR दर्ज करने, दोषियों की पहचान करने तथा इस पूरे मामले की गहन जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। @BJP4Delhi @BJP4India @narendramodi @AmitShah @blsanthosh
बीजेपी ने की FIR और जांच की मांग
शिकायत में भारतीय न्याय संहिता, 2024 के तहत जांच और कार्रवाई की मांग की गई है. बीजेपी ने पुलिस से मामले में उचित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करने की मांग की है. पार्टी ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान करने, उनके डिजिटल रिकॉर्ड, IP लॉग, लॉग-इन विवरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित करने की भी मांग की है. इसके अलावा मूल ANI वीडियो और कथित रूप से छेड़छाड़ किए गए वीडियो का साइबर फॉरेंसिक परीक्षण और फ्रेम-बाय-फ्रेम मिलान कराने की मांग की गई है.
बीजेपी ने वीडियो तैयार करने, उसमें डिजिटल छेड़छाड़ करने और उसे संगठित तरीके से प्रसारित करने वाले लोगों और नेटवर्क की पहचान करने की मांग की है. साथ ही संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से फर्जी सामग्री हटाने या उसकी पहुंच निष्क्रिय करने की कानूनी प्रक्रिया अपनाने को कहा है. पार्टी ने यह भी कहा है कि अगर जांच में किसी संगठित राजनीतिक, वित्तीय या अन्य नेटवर्क की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए.
बीजेपी नेताओं ने कहा कि AI का इस्तेमाल नवाचार, विकास और जनकल्याण के लिए होना चाहिए, न कि झूठे बयान तैयार करने और किसी नेता की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए. पार्टी ने कहा कि वह राजनीतिक आलोचना और लोकतांत्रिक असहमति का सम्मान करती है, लेकिन फर्जी वीडियो, डिजिटल जालसाजी और संगठित दुष्प्रचार के जरिए लोगों को गुमराह करने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
 
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News