जसीडीह, प्रतिनिधि। नीट (यूजी)-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने 21 जून को विशेष रेल व्यवस्था की घोषणा की है।
परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए कई ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव दिया गया है। वहीं दो विशेष मेमू ट्रेनों का भी परिचालन किया जाएगा। रेलवे द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार 21 जून को चलने वाली ट्रेन नंबर- 22321 हूल एक्सप्रेस को अंडाल और सिऊड़ी खंड के बीच सभी स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव प्रदान किया गया है।
इसी प्रकार 05573 सरायगढ़-देवघर स्पेशल ट्रेन भी बांका और देवघर खंड के बीच सभी स्टेशनों पर रुकेगी। इससे नीट परीक्षार्थियों के साथ अन्य यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। बीरभूम क्षेत्र के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 8 डिब्बों वाली विशेष मेमू ट्रेन- 03539/03540 अंडाल और सैंथिया के बीच चलाई जाएगी। यह ट्रेन अंडाल से सुबह 10:15 बजे रवाना होकर विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए दोपहर 12:15 बजे सैंथिया पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन सैंथिया से शाम 6:15 बजे प्रस्थान कर रात 8:15 बजे अंडाल पहुंचेगी। वहीं झारखंड क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए जसीडीह और दुमका के बीच 8 डिब्बों वाली विशेष मेमू ट्रेन- 03541/03542 चलाई जाएगी। यह ट्रेन जसीडीह से सुबह 9:30 बजे रवाना होकर देवघर, मोहनपुर, घोरमारा, बासुकीनाथ और जामा सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए 11:15 बजे दुमका पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दुमका से शाम 6:30 बजे खुलकर रात 8:15 बजे जसीडीह पहुंचेगी। आसनसोल मंडल के पदाधिकारी ने कहा है कि इन विशेष व्यवस्थाओं का उद्देश्य बड़ी संख्या में परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है। रेलवे ने परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से इन विशेष ट्रेन सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने और अपनी यात्रा की अग्रिम योजना बनाने की अपील की है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play