'नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे', नेपाली पीएम बालेंद्र शाह से मुलाकात में बोले प्रधानमंत्री मोदी – Jagran

भारत और नेपाल के प्रधानमंत्रियों, नरेंद्र मोदी और बालेन्द्र शाह की बैठक से दोनों देशों के बीच विश्वास मजबूत हुआ। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेपाली पीएम बालेन्द्र शाह के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस (फोटो-PTI)
भारत ने नेपाल को 15,000 करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज दिया।
दोनों देशों ने आठ समझौतों पर हस्ताक्षर कर सहयोग बढ़ाया।
“विकसित भारत और समुन्नत नेपाल” का संयुक्त विजन जारी हुआ।
जयप्रकाश रंजन, नई दिल्ली। नेपाल में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद अपने पहले विदेश दौरे पर भारत आए बालेन्द्र शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच सोमवार को लगभग 100 मिनट तक चली द्विपक्षीय बैठक ने दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में कमजोर पड़े भरोसे को फिर से मजबूत किया।
इस दौरान मोदी ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल के लिए 15 हजार करोड़ रुपये (24 हजार करोड़ नेपाली रुपये) के आर्थिक पैकेज की घोषणा की। दोनों देशों ने द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जबकि कुल 19 ऐसी घोषणाएं की गईं जोकि सांस्कृतिक, आर्थिक, शैक्षणिक और कनेक्टिविटी संबंधों को और गहरा करेंगी।
भविष्य की दिशा तय करने के लिए “विकसित भारत और समुन्नत नेपाल” का संयुक्त विजन दस्तावेज भी जारी किया गया। इस मौके पर मोदी ने कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे हैं तो उनके नेपाली समकक्ष शाह ने कहा कि भारत-नेपाल के संबंध हिमालय की तरह अडिग और समुद्र की तरह व्यापक हैं।
मंगलवार सुबह राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री शाह का राजकीय स्वागत हुआ। उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। बाद में शाह ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध हिमालय की तरह अडिग और समुद्र की तरह व्यापक हैं। नेपाल में बालेन के नाम से मशूहर बालेन्द्र शाह ने भारत को नेपाल का सबसे भरोसेमंद पड़ोसी बताया तो प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का है।
मोदी ने कहा- “हमारी खुशियां साझी हैं और हमारी चुनौतियां भी। हम एक-दूसरे की प्रगति में साथी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी। हमारे पास स्पष्ट लक्ष्य हैं, आपसी विश्वास है और उन्हें साकार करने का सामर्थ्य भी है। सबसे बढ़कर हमारे साथ माता सीता, भगवान राम और भगवान बुद्ध के आशीर्वाद हैं। मुझे विश्वास है कि इसी भावना के साथ हम अपने साझा विजन को ठोस उपलब्धियों में बदलेंगे और साथ मिलकर भारत-नेपाल संबंधों का एक नया सुनहरा अध्याय लिखेंगे।” दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत और नेपाल के बीच सीमा विवाद से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत की।
बाद में दोनों देशों की तरफ से जारी संयुक्त घोषणा पत्र के अनुसार प्रधानमंत्री शाह ने रसुवा-भोटेकोशी बाढ़ के बाद भारत द्वारा दी गई मानवीय और तकनीकी सहायता की सराहना की। भारत ने नेपाल के विकास के लिए कुल 15,000 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की। इसमें बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और नई अवसंरचना परियोजनाओं के लिए 3,500 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता तथा ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए 11,500 करोड़ रुपये की ऋण रेखा शामिल है।
दोनों नेताओं ने “विकसित भारत और समुन्नत नेपाल” का संयुक्त विजन अपनाया। इसमें आर्थिक विकास, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, जल संसाधन और जन-जन संपर्क के साथ जलवायु सहनशीलता, आपदा प्रबंधन, खेल, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाएं, अंतरिक्ष और नवाचार में सहयोग का रोडमैप है। नेपाल की युवा शक्ति को ध्यान में रखते हुए भारत ने नेपाल में आइआइटी कैंपस स्थापित करने पर सहमति जताई।
आठ समझौता ज्ञापनों में फारेंसिक साइंस, पुलिस अकादमी, सिविल सेवकों की क्षमता वृद्धि, आयुर्वेद, सेटेलाइट कम्युनिकेशन, टिकाऊ शहरी विकास, स्वास्थ्य और पशुधन-मत्स्य विकास शामिल हैं। काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को दोतरफा बनाने पर सहमति बनी। नेपाल को कारोबार के लिए दीनदयाल बंदरगाह (कांडला) और बाद में पारादीप बंदरगाह की सुविधा देने की घोषणा हुई।
अयोध्या-जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की गई, जिससे रामायण सर्किट पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मोदी ने फिर इस बात को दोहराया- ” नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं, नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।” इस दौरान रक्सौल-काठमांडू इलेक्ट्रिफाइड ब्राडगेज रेलवे लाइन का फील्ड लोकेशन सर्वे पूरा होने की घोषणा भी की गई। बनबासा में नए इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की आधारशिला रखी गई और धारचुला-दार्चुला के बीच नए सड़क पुल का उद्घाटन किया गया।
ऊर्जा क्षेत्र में मोतीहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण को समर्पित किया गया और झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई। 669 मेगावाट लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला भी रखी गई। पंचेश्वर बहुउद्देश्यीय परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए।
नेपाल के पीएम शाह ने भारत में उनकी शानदार मेजबानी के लिए आभार जताते हुए मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। बालेन्द्र शाह करीब 25 घंटे की राजकीय यात्रा के बाद मंगलवार शाम स्वदेश लौट गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News