Feedback
पंजाब के लुधियाना में बीते दिन एक 19 साल के युवक का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया. बदमाशों ने युवक को जबरन कार में बैठाया और मौके से फरार हो गए. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सैलरी नहीं मिलती थी तो छोड़ी नौकरी
पीड़ित परवेश गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पहले आरोपी की फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम करता था. करीब एक माह पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी, क्योंकि उस समय पर पूरी तनख्वाह नहीं मिल रही थी. बकाया वेतन मांगने को लेकर पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी. पीड़ित का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उसका अपहरण किया गया.
शिकायत के अनुसार 16 जून को परवेश अपने नए दफ्तर एचटीएम टूल्स फैक्ट्री में काम पर जा रहा था. इसी दौरान काले रंग की एक महिंद्रा गाड़ी वहां आकर रुकी. गाड़ी से करन कुमार यादव, रॉनी, अनिल, प्रमेद, राजीव तथा दो अज्ञात युवक उतरे और उसे जबरन पकड़कर कार में बैठा लिया.
नए दफ्तर में जाते हुए किया किडनैप
आरोपी उसे गली नंबर 19 स्थित करन इंडस्ट्री की फैक्ट्री में ले गए, जहां कथित तौर पर उसे बंधक बनाकर रखा गया. पीड़ित ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री के अंदर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं. घटना के दौरान सड़क पर मौजूद कुछ राहगीरों ने हस्तक्षेप करने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी युवक को अपने साथ ले जाने में सफल रहे.
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी. थाना साहनेवाल के एसएचओ दलवीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू