राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (राना), बृहद न्यूयॉर्क सीनियर्स और जयपुर फुट यूएसए ने न्यूयॉर्क में भारत के निवर्तमान महावाणिज्य दूत राजदूत बिनय के. प्रधान के विदाई सम्मान में कार्यक्रम किया। लॉन्ग आइलैंड के पोर्ट वॉशिंगटन स्थित दीवान रेस्तरां में
राना के संरक्षक और एआईए के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता डॉ. नरिंदर कुकर ने स्वागत संबोधन दिया। वहीं बृहद न्यूयॉर्क सीनियर्स के अध्यक्ष अजय पटेल, टीम एड के संस्थापक मोहन नन्नापनेनी और राना के अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने राजदूत प्रधान की सराहना की। इसमें बताया कि प्रधान के नेतृत्व में न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में पूरे साल इमरजेंसी सेवाएं रहीं। राजदूत प्रधान ने कार्यकाल के दौरान सहयोग के लिए सभी संगठनों का आभार जताया।
कई संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे
विदाई समारोह में हिस्सा लेने के लिए मोहन नन्नापनेनी विशेष रूप से बोस्टन से आए। टीम एड ने 5 हजार से अधिक दिवंगत लोगों के पार्थिव शरीर भारत भेजने में सहायता की है। वहीं अजय पटेल ने बृहद न्यूयॉर्क सीनियर्स का प्रतिनिधित्व किया। वे अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी वरिष्ठ नागरिकों के सबसे बड़े संगठनों में से एक है। हरीश ठक्कर और निक गर्ग ने जयपुर फुट यूएसए का प्रतिनिधित्व किया। जयपुर फुट यूएसए, दिव्यांगों की सेवा करने वाले विश्व के सबसे बड़े गैर-लाभकारी संगठन, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (बीएमवीएसएस) का अमेरिका स्थित सहयोगी संगठन है। प्रेम भंडारी जयपुर फुट यूएसए के संस्थापक अध्यक्ष हैं। वहीं बृहद न्यूयॉर्क सीनियर्स और टीम एड के चेयरमैन हैं।
ये भी रहे मौजूद
समारोह में न्यूयॉर्क में भारत के उप महावाणिज्य दूत विशाल हर्ष और वरमॉन्ट राज्य के नवनिर्वाचित सीनेटर निखिल गोयल के माता-पिता भी मौजूद रहे। इसके अलावा एआईए की राष्ट्रीय अध्यक्ष नीलिमा मदान, जी.के. सीईओ हरीश गोयल, मीडिया प्रतिनिधि प्रो. सलूजा और सुनील हाली, राना के संरक्षक हरिदास कोटेवाला, डॉ. दीपक नंदी, डॉ. अजय जैन, डॉ. राज मोदी और राना के निदेशक मंडल के सदस्य अतुल पारीक शामिल हुए। डॉ. अजय जैन भी राना के निदेशक मंडल के सदस्य हैं। वर्ष 1967 में स्थापित एआईए अमेरिका के सबसे पुराने प्रवासी भारतीय संगठनों में से एक है। राना की कोषाध्यक्ष नीलम मोदी ने कार्यक्रम का संचालन किया। राना के सचिव रवि जरगढ़ ने धन्यवाद दिया।
प्रेम भंडारी की भारत यात्रा लगभग एक सप्ताह के लिए स्थगित
वहीं प्रेम भंडारी ने अपनी एक महीने की भारत यात्रा लगभग एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दी है। यह यात्रा 24 नवंबर से शुरू होनी थी। वे 15 नवंबर को आयोजित राना दीपमहोत्सव के समय से फ्लू से अस्वस्थ हैं।
भारत यात्रा के दौरान भंडारी बेंगलुरु स्थित एस-व्यासा जाएंगे। वे कर्नाटक सरकार के अधिकारियों से भी मिलेंगे और कृत्रिम अंगों की आवश्यकता वाले लोगों की पहचान करने में उनका सहयोग मांगेंगे। बता दें कि डॉ. एच. वी. शेषाद्रि की जन्मशती के उपलक्ष में वर्ष 2027 में एस-व्यासा में विशाल जयपुर फुट शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें 1 हजार जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कृत्रिम अंग लगाए जाएंगे।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.