Feedback
NEET पेपर लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में शनिवार को बुलाए गए ‘बिहार बंद’ के दौरान राजधानी पटना में भारी राजनीतिक हलचल देखने को मिली. लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव को पटना पुलिस ने देर शाम शहर के एक मॉल से गिरफ्तार कर लिया है. तनावपूर्ण माहौल के बीच पटना के कई इलाकों में पुलिस बल तैनात है और डाक बंगला चौराहे पर पथराव के बाद सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है.
दरअसल, तेज प्रताप यादव शनिवार को बिहार बंद के समर्थन में छात्रों के साथ पटना के रामगुलाम चौक पहुंचे और सड़क पर ही धरने पर बैठ गए थे. इसके बाद जब वे छात्रों के साथ रामगुलाम चौक से डाक बंगला चौराहे की ओर मार्च करने लगे, तो एग्जिबिशन रोड के पास पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया.
हालांकि, इसके बाद शाम के समय जब तेज प्रताप यादव पटना के एक मॉल में मौजूद थे, तभी पटना पुलिस के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार कर अपने साथ ले गए. देखें VIDEO:-
हालांकि पुलिस ने अभी तक गिरफ्तारी के आधिकारिक कारणों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई बिना अनुमति प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के सिलसिले में हुई है.
डाक बंगला चौराहे पर पथराव
बिहार बंद के दौरान पटना का डाक बंगला चौराहा जंग का मैदान बन गया, जहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके और बैरिकेडिंग तोड़ी. हालात को काबू करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.
पुलिस की छुट्टियां रद्द
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया, ”प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पथराव किया और बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया. कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है. शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और पालीगंज सहित कई इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया है.”
प्रशासन ने सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए शनिवार को पटना के सभी प्राइवेट स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया था. फिलहाल तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू