टॉलीगंज की भाजपा विधायक पापिया अधिकारी ने पटाखों से बीमारियां दूर होने के अपने विवादास्पद बयान को वापस ले लिया …और पढ़ें
पापिया अधिकारी ने मांगी माफी।
पापिया अधिकारी ने पटाखों से बीमारी ठीक होने का दावा किया।
विवाद बढ़ने पर भाजपा विधायक ने अपना बयान वापस लिया।
उन्होंने अपनी टिप्पणी को पुरानी मान्यता बताकर माफी मांगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पटाखे फोड़ने से कई बीमारियां दूर हो जाती हैं, यह दावा कर विवादों में घिरीं भाजपा की टॉलीगंज की विधायक पापिया अधिकारी ने सोमवार को सफाई देते हुए अपना बयान वापस ले लिया। उन्होंने अपनी टिप्पणी को पूर्वजों की पुरानी मान्यता से जोड़ते हुए स्वीकार किया कि विज्ञान की इतनी प्रगति के दौर में ऐसी बात कहना उचित नहीं है।
विधायक ने यह भी कहा कि उनकी बात से किसी को ठेस पहुंची है तो वह माफी मांगती हैं। पापिया ने सफाई में कहा कि पहले पूर्वजों के समय में ऐसी मान्यता थी कि दीप जलाने और यज्ञ करने से सामाजिक बुराइयां दूर होती हैं। यह दीपों का पर्व है और दीप जलाने की परंपरा से जुड़ा है।
हालांकि, अब विज्ञान काफी आगे बढ़ चुका है, इसलिए इस तरह की बात कहना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अपनी बात वापस लेती हैं और इसे वापस लिया हुआ ही समझा जाए।
दरअसल, टॉलीगंज की विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में एक कालीपूजा पंडाल के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंची थीं। उनके संबोधन के दौरान सामने पटाखा फोड़ा गया। इसी प्रसंग में उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पटाखे फोड़ने की बात कही है। कालीपूजा पटाखों के बिना कैसे पूरी हो सकती है।
पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पटाखे जरूर फोड़े जाएंगे। इसके बाद उन्होंने दावा किया था कि पटाखे फोड़ने से कई बीमारियां दूर हो जाती हैं। उनका यह बयान सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया। कोलकाता में कालीपूजा और दीपावली के दौरान ध्वनि तथा वायु प्रदूषण को लेकर शिकायतें भी सामने आई थीं।
ऐसे में पटाखों से बीमारियां दूर होने के दावे पर सवाल उठे। सोमवार को सफाई देते हुए पापिया ने पहले मीडिया पर उनकी बात का अलग अर्थ निकालने का आरोप लगाया, लेकिन बाद में अपनी टिप्पणी वापस लेने की बात कही।
विधायक की टिप्पणी से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कालीपूजा और दीपावली के दौरान पटाखे फोड़ने का समर्थन किया था। हालांकि, उन्होंने ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल और ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करने की अपील की थी।
सोमवार को दीघा में उन्होंने दावा किया कि इस बार त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण काफी हद तक नियंत्रण में रहा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ स्थानों पर निर्धारित समय के बाद पटाखे फोड़े गए और पुलिस ने ऐसे मामलों में कार्रवाई की। कोलकाता और राज्य के अन्य हिस्सों में तेज आवाज वाले पटाखों को लेकर मिली शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने वामपंथियों को निशाने पर लिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक विरोधियों को बंगाल में सनातन परंपराओं के पुनरुत्थान से परेशानी है। मुख्यमंत्री ने वाममोर्चा पर धार्मिक पर्वों को केवल सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित कर देने का आरोप भी लगाया। इस पूरे घटनाक्रम के बीच भाजपा विधायक की सफाई और बयान वापसी पार्टी के लिए असहज स्थिति को संभालने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।