Feedback
महाराष्ट्र के अमरावती स्थित राजापेठ पुलिस स्टेशन में कार्यरत एक पुलिस इंस्पेक्टर का अकोला शहर में हाईवोल्टेज ड्रामा सामने आया. डाबकी रोड इलाके में हुए इस घटनाक्रम ने पुलिस महकमे और शहर में सनसनी फैला दी है. इंस्पेक्टर की पत्नी ने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ संबंध रखने और सार्वजनिक रूप से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है.
दरअसल, पुलिस इंस्पेक्टर एक कार्यक्रम के सिलसिले में अकोला पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी पत्नी को सूचना मिली कि उनका पति दूसरी महिला के साथ मौजूद है. सूचना मिलते ही पत्नी अपनी बहन के साथ मौके पर पहुंच गई.
दोनों पक्षों के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया. शिकायत के अनुसार, इस दौरान पुलिस इंस्पेक्टर ने अपनी पत्नी को सार्वजनिक रूप से मारपीट की. वहीं, मौके पर मौजूद एक अन्य शख्स पर महिला के साथ छेड़छाड़ करने का भी आरोप है.
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में पुलिस इंस्पेक्टर कुछ लोगों के साथ मिलकर एक महिला को जबरन रिक्शा में बैठाते हुए दिखाई दे रहे हैं. साथ ही विवाद के दौरान गाली-गलौज और धमकी भरे शब्द भी सुनाई दे रहे हैं.
पीड़ित पत्नी ने इस मामले में अकोला के डाबकी रोड पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. थाना प्रभारी दीपक कोली ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला ने मारपीट और विनयभंग के आरोप लगाए हैं तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल, इस प्रकरण में कोई औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है.
वहीं, संबंधित पुलिस इंस्पेक्टर ने इस पूरे मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए कहा कि उन्होंने भी उक्त महिला के खिलाफ शिकायत दी है. दोनों पक्षों की ओर से परस्पर विरोधी आरोप लगाए जाने के कारण मामला और पेचीदा हो गया है.
पुलिस महकमे की साख पर सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की छवि पर भी सवाल उठने लगे हैं. खासकर, एक जिम्मेदार पद पर तैनात अधिकारी पर लगे आरोपों ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है.
जांच पर टिकी निगाहें
अब इस मामले में पुलिस जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज होता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं. सीनियर पुलिस अफसर भी इस मामले में रिपोर्ट मांग सकते हैं.
इस संदर्भ में अकोला के डाबकी रोड पुलिस स्टेशन के थानेदार दीपक कोली से हमने बात करने पर उन्होंने बताया कि महिला की ओर से शिकायत आवेदन मिला है. उसमें मारपीट और विनयभंग के आरोप लगाए गए हैं. मामले की जांच जारी है, अभी तक अपराध दर्ज नहीं किया गया है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू