Feedback
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में इंस्टाग्राम पर विज्ञापन पर क्लिक करना एक परिवार को भारी पड़ गया. विज्ञापन पर क्लिक करते ही मोबाइल हैंग हो गया और इसके बाद UPI के जरिए तीन बार में बैंक खाते से करीब 98 हजार रुपए निकाल लिए गए. खाते में बैलेंस कम होने का मैसेज आने पर ठगी का पता चला. पीड़ित की शिकायत पर पुरानी छावनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी है.
दरअसल, ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र स्थित रूद्र पुरा निवासी जयप्रताप सिंह बाथम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 अगस्त 2026 को उनकी पत्नी रचना बाथम मोटोरोला मोबाइल पर इंस्टाग्राम चला रही थीं. इसी दौरान स्क्रीन पर एक विज्ञापन आया. रचना ने जैसे ही उस पर क्लिक किया, मोबाइल पूरी तरह से हैंग हो गया. फोन का कोई भी फंक्शन काम नहीं कर रहा था और न ही मोबाइल स्विच ऑफ हो रहा था.
इसके बाद पीड़ित मोबाइल को लेकर पुरानी छावनी चौराहे पर स्थित एक दुकान पर गया. दुकानदार ने किसी तरह फोन को बंद करके दोबारा चालू कर दिया.
मोबाइल चालू होने के बाद रात करीब 12 बजे पीड़ित के फोन पर बैंक किस्त का एक मैसेज आया. जब उसने अपना बैंक खाता चेक किया, तो खाते में बैलेंस माइनस 2970 रुपये दिखा रहा था.
हैरान होकर पीड़ित ने अपनी पत्नी रचना से पूछा कि क्या उसने किसी को पैसे ट्रांसफर किए हैं? जिस पर पत्नी ने साफ इनकार कर दिया. पीड़ित के बैंक के खाते में लगभग 1 लाख रुपए जमा थे, लेकिन अचानक बैलेंस गायब हो चुका था. खाते से पैसे उड़ने का पता चलते ही पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई.
अगले दिन जब पीड़ित ने अपने बैंक की शाखा में जाकर अकाउंट स्टेटमेंट निकलवाया, तो पता चला कि यूपीआई के जरिए तीन किश्तों में उनके खाते से ठगों ने कुल 98000 रुपए की चपत लगा दी. देखें पुलिस का बयान:-
पीड़ित ने बैंक में शिकायत दर्ज कराने के बाद 16 अगस्त को पुरानी छावनी थाने पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई. CSP रोबिन जैन ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू