एसडीपीओ बोले- सभी एंगल से जांच जारी
सिटी रिपोर्टर | मंझौल
पहली पत्नी और चार बच्चों को छोड़कर, छह महीने से दूसरी महिला के साथ रह रहा 37 वर्षीय गोपाल पासवान शनिवार को अपने घर के पास गाछी में मृत मिला। परिजनों ने इसे हत्या बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि गोपाल की हत्या कर शव को घर के बगल की गाछी में फेंका गया। इससे मामला आत्महत्या जैसा लगे। दूसरी ओर, पुलिस ने उस महिला को हिरासत में लिया है। गोपाल के उसके साथ रहने की बात सामने आई है। उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। मृतक की पहचान मंझौल-01 पंचायत के गजवोर टोला निवासी दुखहरन पासवान के 37 वर्षीय पुत्र गोपाल पासवान के रूप में हुई। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार, उसकी पहली शादी कई साल पहले हुई थी। उससे चार छोटे बच्चे हैं। करीब छह महीने पहले वह पहली पत्नी और बच्चों को छोड़कर पड़ोस के सदा टोला की एक महिला के साथ रहने लगा था। इसी संबंध को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों का दावा है कि महिला के साथ उसके रहने से सदा टोला के कुछ लोग नाराज थे।
शव मिलने के बाद मृतक के पिता और भाई का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि गोपाल ने आत्महत्या नहीं की। उसकी हत्या की गई है। परिजनों का सवाल था कि अगर उसे कुछ करना होता, तो वह अपने डेरे पर करता।
फिर घर के बगल की गाछी में उसका शव कैसे पहुंचा? उन्होंने महिला के परिजनों और टोले के कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों ने शव पर चोट के निशान होने की बात भी कही है। हालांकि, चोट की प्रकृति और मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगी।
महिला हिरासत में, प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश समेत सभी पहलुओं की होगी जांच घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमरकांत कुमार, थानाध्यक्ष फैसल अंसारी और सरपंच प्रतिनिधि कन्हैया कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के साथ रह रही महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। एसडीपीओ अमरकांत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश, अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.