Shreeom Singh
Date: 09-10-26 09:50
Macca Pact Activated: सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के बीच मक्का रक्षा समझौता सक्रिय होने के कुछ ही दिनों बाद पाकिस्तान की वायु सेना के लड़ाकू विमानों के यमन में हूती विद्रोहियों पर हमले करने की खबर सामने आई है. न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हूतियों के खिलाफ कार्रवाई में पाकिस्तान एयर फोर्स (PAF) के फाइटर जेट इस्तेमाल किए गए. पाकिस्तान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर यह जानकारी दी. हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने इस दावे को खारिज कर दिया है.
इससे पहले सोमवार को सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के अधिकारियों की बैठक हुई थी. इसमें मक्का रक्षा समझौते को लागू करने का फैसला लिया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान और तुर्की ने सऊदी अरब में तेजी से सैन्य तैनाती पर सहमति जताई थी. इसके बाद पाकिस्तान ने सऊदी अरब को सैन्य मदद बढ़ा दी है.
सऊदी अरब में पाकिस्तानी सैनिक तैनात
पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ISPR के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने CNN से बातचीत में सऊदी अरब में पाकिस्तानी सैनिकों की तैनाती की पुष्टि की. हालांकि, उन्होंने सैनिकों की संख्या बताने से इनकार कर दिया.
वहीं, न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में पाकिस्तान में अमेरिका के पूर्व सैन्य अताशे कर्नल डेविड ओ. स्मिथ के हवाले से बताया गया कि सऊदी अरब में करीब 8,000 पाकिस्तानी सैनिक तैनात हो सकते हैं. स्मिथ ने कहा कि उनके पास गोपनीय आंकड़े नहीं हैं, लेकिन जानकारों के बीच इस संख्या को लेकर आम सहमति है. हालांकि, कुछ अन्य सूत्रों का दावा है कि सऊदी अरब में पाकिस्तानी सैनिकों की संख्या करीब 15,000 हो सकती है.
सऊदी समर्थित सेना का हूतियों के खिलाफ अभियान
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब यमन में सऊदी अरब के समर्थन वाली सरकारी सेना ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया है. इस कार्रवाई में सऊदी लड़ाकू विमान हवाई मदद दे रहे हैं. दूसरी ओर, हूतियों ने सऊदी अरब के अंदर हमले तेज कर दिए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को सऊदी अरब के अबहा और रियाद के हवाई अड्डों पर हमले हुए, जिनमें तीन लोगों की मौत हो गई और 36 लोग घायल हो गए.
न्यूयॉर्क टाइम्स ने एक अन्य पाकिस्तानी अधिकारी के हवाले से कहा कि इस संघर्ष में पाकिस्तान की भूमिका मुख्य रूप से हवाई मदद देने तक सीमित रह सकती है. इसका मकसद हूतियों के ड्रोन और मिसाइल हमलों से पैदा होने वाले खतरे को कम करना होगा. अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी.
हालांकि, पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने रिपोर्ट को फर्जी और मनगढ़ंत बताते हुए खारिज कर दिया है. मंत्रालय ने इस दावे से भी इनकार किया कि हूतियों के खिलाफ हमलों में पाकिस्तान वायु सेना के लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें