पाकिस्तान ने पहलगाम हमले और आतंकवाद पर क्या कहा? – BBC

पाकिस्तान ने एक प्रेस रिलीज जारी कर पहलगाम हमले, आतंकवाद और बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
अश्वनी पासवान और सौरभ यादव
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान ने एक प्रेस रिलीज जारी कर पहलगाम हमले, आतंकवाद और बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
पाकिस्तान ने कहा है, “पाकिस्तान आतंकवाद के हर स्वरूप की निंदा करता है. आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस और अंतरराष्ट्रीय सहयोग हमारी नीति का आधार है. आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमेशा पाकिस्तान आगे रहा है और अपने आतंकवाद विरोधी प्रयासों से वैश्विक शांति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.”
दरअसल आज अमेरिका ने लश्कर- ए- तैएबा के फ्रंट 'द रेज़िस्टेंस फ़्रंट' (टीआरएफ़) को 'विदेशी आतंकवादी संगठन' घोषित किया.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा था, "लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के फ़्रंट टीआरएफ़ ने पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए हमले की ज़िम्मेदारी ली थी. इसमें 26 नागरिकों की मौत हुई. यह 2008 में लश्कर-ए-तैयबा के किए गए मुंबई हमलों के बाद भारत में नागरिकों पर सबसे घातक हमला था."
अमेरिका के इस फ़ैसले के चंद घंटो बाद जारी इस प्रेस रिलीज़ में पाकिस्तान ने कहा, “पहलगाम में हुए हादसे की जांच के परिणाम अभी तक सामने नहीं आए हैं. भारत का पाकिस्तान विरोधी प्रचार को बढ़ावा देने का ट्रैक रिकॉर्ड पुराना है. जिसका उद्देश्य कश्मीर में हो रहे मानवाधिकार के हनन को छिपाना है.”
पाकिस्तान ने कहा है, “हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आग्रह करते हैं कि आतंकवाद के वैश्विक ख़तरे से निपटने के लिए गैर भेदभावपूर्ण नीतियां अपनाएं और मजीद ब्रिगेड जैसे आतंकवादी संगठनों को बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के सहयोगी के रूप में नामित करें.”
वहीं भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 'द रेज़िस्टेंस फ़्रंट' (टीआरएफ़) को 'विदेशी आतंकवादी संगठन' घोषित करने के अमेरिकी फ़ैसले की सराहना की.
इमेज स्रोत, Getty Images
छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ इलाके में सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में 6 संदिग्ध माओवादियों के मारे जाने का दावा किया है.
पुलिस ने कहा है कि मारे जाने वाले माओवादियों की संख्या बढ़ सकती है.
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि, "नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने पर सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. ऑपरेशन के दौरान शुक्रवार की दोपहर से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है."
पुलिस ने दावा किया है कि अब तक मुठभेड़ स्थल से 6 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं, जिनके पास से एके-47, एसएलआर राइफलें, अन्य कई हथियार, विस्फोटक सामग्री और रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुएं भी बरामद हुई हैं.
पुलिस के अनुसार ऑपरेशन अभी भी जारी है और मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बल को रवाना किया गया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार पर मुंबई की अहमियत कम करने का आरोप लगाया.
उद्धव ठाकरे ने कहा है, "मुंबई का महत्व खत्म होता जा रहा है. मुंबई में जितने सारे उद्योग थे, कार्यालय थे और आर्थिक केंद्र थे, उनको गुजरात कौन लेकर गया? यही लोग लेकर गए."
उन्होंने कहा, "मुंबई को महाराष्ट्र से कोई अलग नहीं कर सकता, जो भी करेगा हम उसके टुकड़े करेंगे. मैं ये खुले आम बोलता हूं. साथ ही साथ हम मुंबई के महत्व को भी कम नहीं होने देंगे."
उद्धव ठाकरे ने कहा है, "मुंबई महाराष्ट्र की राजधानी है साथ ही साथ देश की आर्थिक राजधानी मानी जाती है और इसका महत्व कुछ लोगों की आंखों में चुभता है."
उन्होंने कहा, "फ़िल्म इंडस्ट्री कौन लेकर जा रहा था और कहां लेकर जा रहा था? डायमंड मार्केट कौन लेकर गया? क्या यह सच्चाई नहीं है. लोग इसे खुले आम देख रहे हैं."
इमेज स्रोत, Getty Images
राहुल गांधी की ओर से अपने जीजा रॉबर्ट वाड्रा के समर्थन में किए एक पोस्ट को लेकर बीजेपी ने कहा है कि राहुल गांधी अपने जीजा के समर्थन में खुलकर आ गए हैं.
प्रेस वार्ता कर बीजेपी ने कहा है, "राहुल गांधी ने एक पोस्ट किया है जिसमें वे खुलकर रॉबर्ट वाड्रा के समर्थन में आ गए हैं. राहुल गांधी का कहना है कि मेरे जीजा और परिवार को पिछले 10 साल से परेशान किया जा रहा है."
बीजेपी प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कहा, "जैसा कि आपको पता है ईडी ने रॉबर्ट वाड्रा के विरुद्ध जो चार्जशीट फ़ाइल की है उसमें बड़े गंभीर आरोप हैं. रॉबर्ट वाड्रा की कंपनी में मात्र 1 लाख रुपये थे, जब उन्होंने 58 करोड़ की लैंड डील की और राहुल गांधी उसे जस्टीफ़ाई कर रहे हैं."
बीजेपी ने कहा, "आज एक बात तो स्पष्ट हो गई कि या तो राहुल गांधी को रॉबर्ट वाड्रा के काले कारनामों की पूरी जानकारी थी या हो सकता है कि वो इसमें पूरी तरह से शामिल भी थे."
इससे पहले राहुल गांधी ने पोस्ट किया था, “मेरे जीजा को पिछले दस सालों से सरकार लगातार परेशान कर रही है. अभी की चार्जशीट विच हंट (राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बदले की कार्रवाई) का हिस्सा है.”
इमेज स्रोत, Shahbaz Anwar
उत्तर प्रदेश के बिजनौर के नांगल सोती इलाक़े में शुक्रवार सुबह बरकातपुर शुगर मिल में एटीपी (अफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) की सफ़ाई करने के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई.
मरने वालों में दो मज़दूर और एक सुपरवाइज़र शामिल है. सभी की आयु 40 से 45 साल के बीच है. इन लोगों को बचाने उतरा एक अन्य कर्मचारी भी घायल हो गया जिसे ज़िले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
अनुमान लगाया जा रहा है कि टैंक में गैस बनी हुई थी जिससे ये हादसा हुआ, हालांकि प्रशासन मामले की जांच की बात कर रहा है.
बिजनौर के एएसपी सिटी संजीव वाजपेई ने मीडिया से कहा, "बिजनौर के नांगल क्षेत्र में बरकातपुर शुगर फैक्ट्री है. शुक्रवार को यहां दुखद घटना हुई है. शुगर मिल में ईटीपी है जिसमें ये टैंक स्थित हैं. यहां से पानी को साफ करके वापस भेजा जाता है, उसी टैंक में सफ़ाई के दौरान ये हादसा हुआ है."
उन्होंने कहा, "इसमें पहले एक व्यक्ति सफ़ाई के लिए गया था जो गिर गया, उसे बचाने के लिए दो और लोग गए, वे भी टैंक में गिर गए. सभी को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. एक अन्य कर्मचारी भी घायल हुआ है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है."
मृतकों में 40 वर्षीय कपिल देव, 45 वर्षीय मुनेश्वर और 49 वर्षीय सोमपाल शामिल हैं. मुनेश्वर सुपरवाइज़र के पद पर थे. घायलों में प्रभात हैं जिनका इलाज नज़दीकी अस्पताल में चल रहा है.
इमेज स्रोत, Getty Images
केरल के कोयट्टम में राहुल गांधी की ओर से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (सीपीआई (एम) पर दिए गए एक बयान पर सीपीआई (एम) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
सीपीआई (एम) ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है, “आरएसएस और सीपीआई (एम) को एक समान बताने वाली राहुल गांधी की टिप्पणी बेतुकी और निंदनीय है. राहुल गांधी यह भूल जाते हैं कि केरल में आरएसएस से कौन लड़ रहा है.”
CPI (M) ने आगे लिखा है, “सीपीआई (एम) ने केरल में भगवा आतंक से लड़ते हुए अपने कई कार्यकर्ताओं को खोया है. केरल में कांग्रेस और आरएसएस लगातार अपनी कम्युनिस्ट विरोधी भावनाओं को व्यक्त करने में एक दूसरे की बराबरी कर रहे हैं. केरल में कदम रखते ही राहुल गांधी भी वही भाषा बोलने लगते हैं.”
इससे पहले राहुल गांधी ने कहा था, “मैं आरएसएस और सीपीआई (एम) से वैचारिक लड़ाई लड़ रहा हूं.”
उन्होंने कहा था, “मेरी उनसे सबसे बड़ी शिकायत इस बात को लेकर है कि उनमें लोगों को लेकर कोई भावना नहीं है.”
इमेज स्रोत, Getty Images
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज सुबह गिरफ्तार किया है. मीडिया से बात करते हुए उनके वकील फ़ैजल रिज़्वी ने आगे की कार्रवाई के बारे में जानकारी दी है.
वकील फ़ैजल रिज़्वी ने कहा, "ईडी ने गिरफ़्तार करने के बाद पांच दिन की कस्टोडियल रिमांड मांगी है, जिस पर हमने आपत्ति की है. अभी आदेश आना बाकी है."
उन्होंने कहा, "ईडी ने अपने आवेदन में लक्ष्मी बंसल उर्फ पप्पू बंसल नामक व्यक्ति के बयान पर पूरा जोर दिया है."
इससे पहले भूपेश बघेल ने कहा था, "अदानी की जो पेड़ कटाई चल रही है, इसके विरोध में पूरी कांग्रेस पार्टी लड़ाई लड़ रही है. पूरी सरकार और प्रशासनिक तंत्र पर दबाव है. विपक्ष को दबाने के लिए यह रणनीति अपनाई गई है."
उन्होंने कहा, "पहले कवासी लखमा को टारगेट किया, देवेंद्र यादव को टारगेट किया और अब मेरे बेटे को निशाना बना रहे हैं. इसका मतलब यह है कि हमें दबाने की कोशिश की जा रही है कि कोई आवाज अदानी के खिलाफ ना बोल सके."
इमेज स्रोत, Getty Images
दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने एलन मस्क के एआई ग्रोक से सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर शिक्षा पर सवाल किया है.
मनीष सिसोदिया ने लिखा है, "नमस्कार ग्रोक, जैसा वादा किया था, आइए आज चर्चा करें कि दिल्ली में पिछले 10 वर्षों में लागू किए गए शैक्षिक सुधारों की तर्ज़ पर भारत की शिक्षा व्यवस्था को कैसे बदला जा सकता है.”
मनीष सिसोदिया ने आगे लिखा है, “हमें शुरू से ही समझ आ गया था कि सिर्फ इमारतें सुधारने से बदलाव नहीं आएगा. हमने बुनियादी ढांचा सुधारा, लेकिन उसके साथ-साथ हमने टीचर्स ट्रेनिंग पर ज़ोर दिया, छात्रों में आत्मविश्वास जगाने के लिए हैप्पीनेस करिकुलम, बिज़नेस ब्लास्टर्स जैसे नए कोर्स शुरू किए. और उनके नतीजे भी निकले.”
उन्होंने एआई ग्रोक से सवाल किया है, “तो ग्रोक, आपके अनुसार, देशभर के सरकारी स्कूल आज भी संकट में क्यों हैं? 1947 में आज़ादी के देश में कितने सरकारी और कितने प्राइवेट स्कूल थे? उसमें कितने बच्चे पढ़ते थे? और उस समय के कुल बच्चों का कितना प्रतिशत स्कूल जाता था?”
इमेज स्रोत, Getty Images
निमिषा प्रिया के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई है. निमिषा प्रिया के पक्ष के वकील सुभाष चंद्रन केआर ने सुनवाई के बारे में मीडिया को जानकारी दी है.
वकील सुभाष चंद्रन केआर ने कहा है, “अटॉर्नी जनरल ने जस्टिस विक्रम नाथ के सामने मामले को रखा है. जैसा कि निमिषा प्रिया की सज़ा-ए-मौत पर अभी रोक लगी हुई है उसे देखते हुए अटॉर्नी जनरल ने तीन हफ्ते का समय मांगा है."
उन्होंने बताया, “याचिकाकर्ता की तरफ से मैंने सुप्रीम कोर्ट से निवेदन किया है कि बातचीत के लिए एक डेलिगेशन को यमन भेजा जाए, जिसमें याचिकाकर्ता संगठन, उसके प्रतिनिधि और कांथापुरम के प्रतिनिधि धर्मगुरु एपी अबूबकर मुसलियार शामिल हों. धर्मगुरु एपी अबूबकर मुसलियार ही ‘ब्लड मनी’ को लेकर चल रही बातचीत का नेतृत्व कर रहे हैं."
वकील सुभाष चंद्रन के आर ने बताया है, “कोर्ट ने आज हमारी दलील को स्वीकार कर लिया है और यूनियन को निर्देश दिया है कि वह हमारे अनुरोध पर विचार करने के लिए भारत सरकार से संपर्क करे.”
इमेज स्रोत, Getty Images
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने भारतीय महिला क्रिकेटर प्रतिका रावल पर मैच फ़ीस का दस प्रतिशत जुर्माना लगाया है.
आईसीसी ने बताया है कि प्रतिका रावल ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ हुए मैच के दौरान आईसीसी कोड ऑफ़ कंडक्ट के लेवल वन का उल्लघंन किया है.
प्रतिका रावल पर यह जुर्माना दो घटनाओं के संदर्भ में लगाया है. आईसीसी ने बताया है कि पहली घटना 18वें ओवर में हुई, जब वह एक रन लेते समय इंग्लैंड की गेंदबाज लौरेन फिलर के साथ जानबूझ कर टकरा गईं.
इसके तुरंत बाद, जब वह अगले ही ओवर में आउट होकर पवेलियन लौट रही थीं तो उन्होंने गेंदबाज़ सोफी एक्लेस्टोन के साथ भी ऐसा ही किया.
इमेज स्रोत, Getty Images
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम में कांवड़ यात्रा और मुहर्रम के जुलूस पर टिप्पणी की है. उन्होंने कहा है कि कांवड़ यात्रा को 'बदनाम' किया जाता है.
योगी आदित्यानाथ ने कहा है, “सावन के महीने के ठीक पहले मुहर्रम का आयोजन हुआ. हमने एक व्यवस्था बना दी थी कि आप ताजिया की ऊंचाई इससे ज़्यादा मत करना. इससे ज़्यादा करेंगे तो आप मांग करेंगे कि पेड़ की टहनी काटो, किसी के घर के छज्जे को तोड़ो और कहीं से हाईटेंशन तार को हटाओ.”
उन्होंने कहा, “अब एक आयोजन के लिए हम हाईटेंशन तार हटाएं, एक बड़े तबके के लिए बिजली बाधित करें. ये तो उन लोगों के साथ अन्याय है, जो बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं. आप बिना बिल का भुगतान किए, बिना सड़क का चार्ज दिए अपनी यात्रा निकालना चाहते हैं और आप आपनी यात्रा के लिए किसी के घर के बार्जे को तुड़वा रहे हैं. हमने कहा ये नहीं होगा.”
योगी आदित्यानथ ने कहा, “जौनपुर में उन्होंने जबरदस्ती बड़ा ताजिया उठवाया और वो हाईटेंशन तार की चपेट में आया और तीन लोग मर गए. बाद में उन्होंने रास्ता जाम किया, तब पुलिस ने कहा क्या करें, मैंने कहा लाठी मार कर बाहर करो इनको. क्योंकि ये लातों के भूत हैं, बातों से मानेंगे नहीं. हमने कहा था हाईटेंशन तार की चपेट में आ सकते हैं इससे ऊपर मत करना. इन्होंने किया है. आप कार्रवाई करो इनके खिलाफ.”
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “दूसरी तरफ आपने देखा होगा. कांवड़ यात्रा चल रही है. समाज के श्रमिक वर्ग से लेकर के उच्च वर्ग तक का हर व्यक्ति अभियान के साथ जुड़ा हुआ है. हर-हर बम-बम बोलते हुए 300-400 किलोमीटर पैदल जाते हैं. फिर वहां से जल लेकर के भक्तिभाव के साथ चलते हैं.”
उन्होंने कहा, “लेकिन मीडिया ट्रायल होता है. बदनाम किया जाता है, उसके बारे में लिखा जाता है. ये वो मानसिकता है जो हर प्रकार से भारत की विरासत को अपमानित करना चाहती है.”
इमेज स्रोत, Narendra Modi/ Youtube
बिहार के मोतिहारी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा है कि कांग्रेस और आरजेडी की सरकार में विकास नहीं हुआ.
पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "जब केंद्र में कांग्रेस और आरजेडी की सरकार थी तो यूपीए के 10 साल में बिहार को सिर्फ दो लाख करोड़ रुपये मिले."
"केंद्र में आने के बाद मैंने बिहार से बदला लेने वाली पुरानी राजनीति को भी समाप्त कर दिया. एनडीए के दस सालों में बिहार के विकास के लिए जो राशि दी गई है, वो पहले से कई गुना ज़्यादा है."
पीएम मोदी ने कहा, "मोतिहारी से हज़ारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर अत्यंत प्रसन्न हूं."
कांग्रेस और आरजेडी 'इंडिया गठबंधन' का हिस्सा हैं.
पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "आप लोगों ने इस धरती को आरजेडी और कांग्रेस की बेड़ियों से मुक्त किया, असंभव को संभव बनाया. उसी का परिणाम है कि आज बिहार में ग़रीब कल्याण को योजनाएं सीधे ग़रीबों तक पहुंच रही है."
इस साल के आखिर में बिहार में विधानसभा चुनाव है और प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है.
इमेज स्रोत, Getty Images
केंद्रीय जाँच एजेंसी ईडी ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ़्तार किया है.
शुक्रवार की सुबह ही ईडी की एक टीम ने भूपेश बघेल के भिलाई स्थित घर पर छापा मारा था.
छत्तीसगढ़ में ईडी कोयला और शराब घोटाले की जांच कर रही है.
इस दौरान कई अवसरों पर भूपेश बघेल और उनके परिजनों के घर ईडी ने छापामारी और पूछताछ की है.
शुक्रवार को हुई छापामारी के बाद भूपेश बघेल रायपुर पहुंचे और वहां उन्होंने विधानसभा की कार्यवाही में भाग लिया.
आज विधानसभा के मॉनसून सत्र का अंतिम दिन था. इस बीच उनके घर पर परिवार के सदस्यों से पूछताछ जारी थी.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि ईडी विधानसभा सत्र के आखिरी दिन उनके घर आई है, जब तमनार में अडानी के लिए पेड़ों की कटाई का मुद्दा उठाया जाना था.
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "जन्मदिन का जैसा तोहफा मोदी और शाह जी देते हैं, वैसा दुनिया के किसी भी लोकतंत्र में कोई नहीं दे सकता."
इमेज स्रोत, Getty Images
पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी चीफ लालू यादव की 'बिहार झूठ बोलने आ रहे हैं पीएम मोदी' टिप्पणी पर बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने प्रतिक्रिया दी है.
रविशंकर प्रसाद ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "हल्की बातें बोलने में लालू यादव तेज हैं. उनकी इन टिप्पणियों की हम बहुत भत्सर्ना करते हैं. पीएम पद की एक गरिमा होती है. आप मुख्यमंत्री रहे हैं तो थोड़ा गरिमा का ध्यान रखिए."
लालू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखा था, "झूठ बोलने आज बिहार आ रहे है प्रधानमंत्री मोदी. क्या आप झूठ सुनना पसंद करेंगे?"
पीएम मोदी शुक्रवार को बिहार के मोतिहारी के दौरे पर हैं.
इस साल के आखिर में बिहार में विधानसभा चुनाव होना है.
इमेज स्रोत, Getty Images
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा है कि रॉबर्ट वाड्रा को केंद्र सरकार लगातार परेशान कर रही है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि 'मेरे जीजा को पिछले दस सालों से सरकार लगातार परेशान कर रही है. अभी की चार्जशीट विच हंट (राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बदले की कार्रवाई) का हिस्सा है.'
राहुल गांधी ने कहा है कि वो रॉबर्ट, प्रियंका और उनके बच्चों के साथ मजबूती से खड़े हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि वो फिर से दुर्भावनापूर्ण, राजनीतिक रूप से प्रेरित बदनामी और उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं.
राहुल गांधी ने कहा है कि मुझे पता है कि वो सभी किसी भी प्रकार के उत्पीड़न का सामना करने के लिए साहसी हैं.
उन्होंने भरोसा जताया है कि आखिरकार सत्य की जीत होगी.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ईडी ने हरियाण के शिकोहपुर में जमीन सौदे से जुड़े धन शोधन के एक मामले में रॉबर्ट वाड्रा के ख़िलाफ़ आरोपपत्र दाखिल किया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
बिहार में क़ानून व्यवस्था को लेकर उठते सवालों पर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार को प्रतिक्रिया दी है.
दिलीप जायसवाल ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "एक माहौल बनाने की कोशिश हो रही है कि बिहार की क़ानून व्यवस्था खराब है. जब खेमका (गोपाल खेमका) की हत्या हुई तो पुलिस ने बहुत ही तत्परता से शूटर को पकड़ा."
"कल की घटना पर पुलिस ने तीन-चार घंटों में शूटर को चिह्नित किया और दो अपराधी को गिरफ्तार भी कर लिया. इसको दो तरीके से देखा जाए कि अपराध कैसे लोगों के बीच हो रहा है. कल की घटना में दोनों लोग कैसे थे?"
बिहार बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, "ये संभव नहीं है कि चप्पा-चप्पा एक-एक आदमी की सुरक्षा के लिए पुलिस खड़े रहे लेकिन क़ानून का राज है."
बिहार की राजधानी पटना में स्थित पारस अस्पताल में अपराधियों ने घुसकर एक इलाज करा रहे कैदी को गुरुवार को गोली मार दी थी.
कैदी का नाम चंदन मिश्रा था, जो बक्सर ज़िले के निवासी थे. चंदन मिश्रा पर केशरी नाम के व्यक्ति की हत्या का आरोप था.
चंदन मिश्रा बेऊर जेल में बंद थे और परोल पर अपना इलाज करा ररहे थे.
हाल ही में पटना के प्रमुख व्यवसायी गोपाल खेमका की गांधी मैदान के पास स्थित उनके घर के गेट पर हत्या कर दी गई थी.
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका के 'द रेज़िस्टेंस फ़्रंट' (टीआरएफ़) को 'विदेशी आतंकवादी संगठन' घोषित किए जाने के फ़ैसले का भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को स्वागत किया.
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय और विदेश मंत्री मार्को रुबियो की इस फ़ैसले के लिए सराहना की.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि 'यह भारत-अमेरिका के बीच आतंकवाद के ख़िलाफ़ के मजबूत सहयोग का प्रमाण है.'
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने टीआरएफ़ को 'विदेशी आतंकवादी संगठन' घोषित किया है.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी.
बयान में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को ने कहा, "लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के फ़्रंट टीआरएफ़ ने पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए हमले की ज़िम्मेदारी ली थी. इसमें 26 नागरिकों की मौत हुई."
‘‘यह 2008 में लश्कर-ए-तैयबा के किए गए मुंबई हमलों के बाद भारत में नागरिकों पर सबसे घातक हमला था. टीआरएफ़ ने भारतीय सुरक्षा बलों के ख़िलाफ़ कई हमलों की जिम्मेदारी भी ली है, जिनमें 2024 में किया गया हमला भी शामिल है.’’
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने सात मई को एक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान टीआरएफ़ को पहलगाम हमले का ज़िम्मेदार ठहराया था.
मिसरी ने कहा, "खुद को द रेजिस्टेंस फ़्रंट (टीआरएफ़) कहने वाले एक ग्रुप ने हमले की ज़िम्मेदारी ली है. यह समूह संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित पाकिस्तानी आतंकवादी ग्रुप लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा है."
ये भी पढ़ें-
कौन है द रेज़िस्टेंस फ़्रंट ग्रुप जिसका नाम पहलगाम हमले में आ रहा है?
इमेज स्रोत, Getty Images
सीरियन ऑब्ज़र्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) के मुताबिक, दक्षिण सीरिया में हाल ही में हुई हिंसा में 594 लोगों की मौत हो चुकी है.
ब्रिटेन स्थित संगठन ने कहा है कि रविवार से शुरू हुई इस हिंसा में अत्यधिक क्रूरता देखी गई है.
एसओएचआर ने गुरुवार शाम को कहा है कि इस हिंसा में द्रूज़ समुदाय के 300 लोगों की जान गई है. इनमें 146 लड़ाके और 154 नागरिक हैं.
एसओएचआर के मुताबिक, 154 नागरिकों में से 83 लोगों को सरकारी बलों ने बिना किसी मुकदमे के तुरंत मार डाला.
संगठन ने बताया है कि 18 बद्दू लड़ाके और 257 सरकारी कर्मियों को मार डाला गया. द्रूज़ लड़ाकों ने बद्दू समुदाय से आने वाले तीन नागरिकों को बिना किसी मुकदमे के मार दिया.
इसके अलावा, अन्य 15 सरकारी कर्मी इसराइली हवाई हमले में मारे गए हैं. इसराइल ने कहा है कि यह हमला उसने द्रूज़ समुदाय की रक्षा के लिए किया.
बीबीसी अभी एसओएचआर के आँकड़ों की पुष्टि नहीं कर सका है.
इमेज स्रोत, Getty Images
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ब्राज़ील पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की चेतावनी पर प्रतिक्रिया दी है.
लूला डा सिल्वा ने टेलीविज़न पर प्रसारित भाषण में ट्रंप की 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की धमकी को 'अस्वीकार्य ब्लैकमेल' करार दिया.
ट्रंप ने ब्राज़ील की सरकार पर पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो के ख़िलाफ़ 'विच हंटिंग' (राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बदले की कार्रवाई) का आरोप लगाया था. उन्होंने यह कहते हुए नौ जुलाई को ब्राज़ील पर टैरिफ़ लगाने की घोषणा की.
जेयर बोल्सोनारो पर 2022 के चुनाव को पलटने की साज़िश में कथित भूमिका के लिए मुकदमा चल रहा है.
यदि दोनों देशों के बीच कोई समझौता नहीं होता, तो ब्राज़ील पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ 1 अगस्त से लागू हो जाएगा.
लूला डा सिल्वा ने भाषण में उन नेताओं को देश विरोधी बताया, जो ट्रंप का समर्थन कर रहे हैं.
इमेज स्रोत, MEA
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आरआईसी (रूस-भारत-चीन) सहयोग पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, "आरआईसी ऐसा तंत्र है, जहां तीनों देश आते हैं और अपने हित से जुड़े वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करते हैं."
जायसवाल ने कहा, "जहां तक आरआईसी बैठक के आयोजन का सवाल है, यह ऐसा मामला है जिस पर तीनों देश मिलकर काम करेंगे. जब भी मीटिंग होगी, हम आपको (मीडिया को) जानकारी देंगे."
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, यह बयान ऐसे समय आया है जब चीनी विदेश मंत्रालय ने हाल में कहा कि वह आरआईसी को फिर से शुरू करने की रूस की पहल का समर्थन करता है.
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "चीन‑रूस‑भारत सहयोग न केवल तीनों देशों के हितों की पूर्ति करता है, बल्कि क्षेत्र और विश्व में शांति, सुरक्षा, स्थिरता और प्रगति को बनाए रखने में भी मदद करता है."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2025 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News