त्रिपुरा में एक चोर ने पुलिस से बचने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर अपना दाहिना हाथ काट लिया और अस्पताल में भर्ती हो गया. उसे लगा कि पुलिस की पकड़ से बच जाएगा, लेकिन पुलिस ने आखिरकार उसे अस्पताल के बेड से ही गिरफ्तार कर लिया. मामला अगरतला के बाहरी इलाके बंकुमारी का है. 11 सितंबर की सुबह गीता रानी दास (देब) नाम की एक बुजुर्ग महिला अपने पड़ोसी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं. इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका करीब 17 लाख रुपये का सोने का हार कथित तौर पर छीन लिया और मौके से फरार हो गए. महिला ने बाद में पूर्वी अगरतला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. इंस्पेक्टर कृष्णधन सरकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में हेलमेट पहने दो लोग बाइक पर आते और महिला से हार छीनकर भागते हुए दिखाई दिए. जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को पहले ही हिरासत में ले लिया था. पुलिस ने उस मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था. जांच में पता चला कि यह बाइक भी कथित तौर पर दोनों आरोपियों ने चोरी की थी.
हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था. पुलिस ने उसकी तलाश में अगरतला और आसपास के कई इलाकों में छापेमारी की. इसी दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अगरतला सरकारी मेडिकल कॉलेज और गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल में भर्ती है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कथित तौर पर अपना दाहिना हाथ काट लिया था और इसके बाद अस्पताल में भर्ती हो गया. लेकिन उसकी यह कोशिश काम नहीं आई. पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर उसे बेड से ही गिरफ्तार कर लिया.
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर लूटा हुआ सोने का हार अगरतला की एक ज्वेलरी दुकान में बेच दिया था. पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लूटे गए गहने को बेचने में और कौन लोग शामिल थे. त्रिपुरा में पिछले कुछ महीनों में सोने की चेन और गहने छीनने की कई घटनाएं सामने आई हैं. हाल ही में पश्चिम त्रिपुरा जिले में एक बुजुर्ग महिला से सोने की चेन छीनने के आरोप में बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बर्तन साफ करने के बहाने महिला के घर में घुसे थे और मौका देखकर चेन छीनकर बाइक से फरार हो गए थे.
वहीं, गोमती जिले में रथ यात्रा के दौरान चेन स्नेचिंग की कई घटनाओं के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने उनके पास से करीब 22 लाख रुपये की नौ चोरी की गई सोने की चेन बरामद करने का दावा किया था. (इनपुट्स सहित)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
इकराम मूल रूप से उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं मगर जन्म देश की राजधानी दिल्ली में हुआ. शुरुआती शिक्षा स्थानीय स्कूल में हुई. इसी के साथ ज्ञान हासिल करने का सिलसिला आगे बढ़ता गया. दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के डॉक्टर भीमराव आंबेडकर कॉलेज से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया. देश के मशहूर पत्रकारिता संस्था … और पढ़े
© 1998-2026 Indiadotcom Digital Private Limited, All Rights Reserved.