पेपर लीक और बेरोज़गारी के खिलाफ कांग्रेस ने किया देशव्यापी आंदोलन का एलान – totaltv.in

Total Tv
totaltv.in
पेपर लीक और बेरोज़गारी के ख़िलाफ़ कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन का एलान किया है।​ राहुल गांधी छात्र सम्मेलनों की शुरुआत करेंगे। कांग्रेस ने अपने आंदोलन के कई स्टेप बनाए हैं। छात्र सम्मेलन 17 जून को कोटा से शुरू होगा। इसका समापन 14 जुलाई को दिल्ली में होगा।
देश के युवाओं, छात्रों और अभ्यर्थियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने मोदी सरकार के ख़िलाफ़ एक बड़े देशव्यापी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बयान जारी कर इस राष्ट्रव्यापी अभियान के पहले चरण का एलान किया है। इस अभियान की कमान खुद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संभालने जा रहे हैं।
देश में लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं में गड़बड़ी और बेरोज़गारी के मुद्दे पर कांग्रेस अब आर-पार के मूड में है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मार्गदर्शन और राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी एक बड़ा देशव्यापी अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत राहुल गांधी देश के प्रमुख शिक्षा और कोचिंग हब में जाकर छात्रों, युवाओं और शिक्षकों से सीधा संवाद करेंगे।
छात्र सम्मेलनों का यह दौर 17 जून को राजस्थान के कोटा से शुरू होगा। इसके बाद 10 जुलाई को इलाहाबाद (प्रयागराज), 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को देश की राजधानी दिल्ली में विशाल छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस के इस बड़े आंदोलन की मुख्य मांगें इस प्रकार हैं- NEET परीक्षा का विकेंद्रीकरण किया जाए। परीक्षा शुल्क (Examination Fees) को पूरी तरह से ख़त्म किया जाए। पेपर लीक रैकेट में शामिल दोषियों के ख़िलाफ़ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। जवाबदेही तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफ़ा लिया जाए।
इस अभियान को ज़मीनी स्तर पर ले जाने के लिए कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI, यूथ कांग्रेस, प्रादेशिक कांग्रेस कमेटियों (PCCs) और स्थानीय स्तर की कमेटियों को सक्रिय कर दिया गया है। कोचिंग सेंटरों, यूनिवर्सिटीज़ और सोशल मीडिया के ज़रिए बड़े पैमाने पर युवाओं को इस आंदोलन से जोड़ा जाएगा। इतना ही नहीं, कांग्रेस इस मुद्दे को सिर्फ सड़क तक सीमित नहीं रखेगी। आने वाले संसद सत्र में भी इस युवा संकट पर व्यापक चर्चा और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए नए विधायी कानून बनाने की मांग की जाएगी।
इससे साफ़ है कि पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष अब सरकार को कोई ढील देने के मूड में नहीं है। कोटा से शुरू होकर दिल्ली तक जाने वाली राहुल गांधी की यह मुहिम आने वाले दिनों में देश की सियासत और संसद के पारे को कितना गरमाती है, यह देखना बेहद दिलचस्प होगा।
Your email address will not be published. Required fields are marked *






About Us
Advertise With Us
Privacy Policy
Terms And Conditions
Contact Us

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News