हाथरस के सासनी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा का अपने पैतृक क्षेत्र सासनी में पहला आगमन ऐतिहासिक रहा। प्रदेश मंत्री बनने के बाद उन्होंने नगला रूद, सुसायत कला, सुसायत खुर्द, बिलखोरा, रूदायन, ज़र्रैया बिर्रा सहित एक दर्जन से अधिक गांवों का दौरा किया। इन सभी गांवों में उनका भव्य स्वागत-अभिनंदन किया गया।
यतेन्द्र शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अपने दौरे से जोड़ा। उन्होंने बड़े वाहनों के काफिले के बजाय साइकिल, ई-रिक्शा और ट्रैक्टर का उपयोग किया। कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ गांव-गांव पहुंचकर उन्होंने ग्रामीण संस्कृति से जुड़ाव का अनूठा उदाहरण पेश किया। इस पहल को लोगों ने पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों दृष्टियों से सराहा।
कार्यक्रमों के दौरान यतेन्द्र शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक स्वस्थ शरीर ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव है। उन्होंने युवाओं से नियमित व्यायाम करने, साइकिल चलाने और नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। कई स्थानों पर उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
गांवों में आयोजित स्वागत समारोहों में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, किसान और महिलाएं उपस्थित रहे। लोगों ने प्रदेश मंत्री बनने पर यतेन्द्र शर्मा को शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के विकास की नई उम्मीदें जताईं। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष आकाश सिंह ने संगठन विस्तार को गति देते हुए भोला पंडित और राजीव शर्मा सहित कई युवाओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि यतेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र में भाजपा लगातार मजबूत हो रही है।
पूरे दौरे के दौरान गांवों में लोगों का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखा, जिससे यह साबित हुआ कि यतेन्द्र शर्मा ने कम समय में क्षेत्र में एक मजबूत जनाधार और प्रभाव स्थापित किया है। ग्रामीणों ने इस आयोजन को केवल एक स्वागत कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और नेतृत्व के बीच बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.