Yuvraj Singh
Date: 12-10-26 15:56
टैबलेट खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए Acer ने भारतीय बाजार में दो नए विकल्प पेश किए हैं. कंपनी ने Acer Iconia Tab 11 5G और Iconia Tab 12 5G को लॉन्च किया है. दोनों टैबलेट में 90Hz रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले, MediaTek का ऑक्टा-कोर प्रोसेसर, 8GB रैम और 5G कनेक्टिविटी मिलती है. इनकी शुरुआती कीमत क्रमशः 23,990 रुपये और 26,990 रुपये रखी गई है. बड़ी स्क्रीन वाले ये डिवाइस ऑनलाइन पढ़ाई, वीडियो देखने और रोजमर्रा के कामों के लिए उपयोग किए जा सकते हैं.
कीमत व उपलब्धता
Acer Iconia Tab 11 5G को Flipkart और Acer के ऑनलाइन स्टोर से खरीदा जा सकेगा. वहीं, Iconia Tab 12 5G की बिक्री Flipkart, Amazon, Acer के एक्सक्लूसिव स्टोर और कंपनी के ऑनलाइन स्टोर के जरिए होगी. दोनों मॉडल 128GB और 256GB स्टोरेज विकल्पों में उपलब्ध हैं. साथ ही, यूजर्स को स्टोरेज बढ़ाने की सुविधा भी मिलती है. Iconia Tab 11 5G की शुरुआती कीमत 23,990 रुपये है, जबकि Iconia Tab 12 5G के लिए 26,990 रुपये खर्च करने होंगे.
डिस्प्ले और प्रोसेसर में क्या है खास?
Acer Iconia Tab 11 5G में 10.95 इंच की फुल HD IPS डिस्प्ले दी गई है, जिसका रेजोल्यूशन 1,920×1,200 पिक्सल और पीक ब्राइटनेस 450 निट्स है. दूसरी ओर, Iconia Tab 12 5G में 12.2 इंच की IPS स्क्रीन मिलती है, जिसका रेजोल्यूशन 2,400×1,600 पिक्सल और ब्राइटनेस 400 निट्स है. दोनों टैबलेट में 90Hz रिफ्रेश रेट दिया गया है. इनमें MediaTek MT8755 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ 8GB रैम मिलती है. कनेक्टिविटी के लिए 5G, Wi-Fi 5, Bluetooth 5.2 और USB Type-C पोर्ट मौजूद हैं.
कैमरा, बैटरी और एक्सेसरीज की जानकारी
कैमरा सेटअप की बात करें तो दोनों टैबलेट में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है. Iconia Tab 11 5G में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा मिलता है, जबकि Iconia Tab 12 5G में 16 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा शामिल है. बैटरी के मामले में Tab 12 5G में 10,000mAh की बैटरी दी गई है. दोनों डिवाइस फिंगरप्रिंट सेंसर को सपोर्ट करते हैं. कंपनी के अनुसार, इनके साथ कीबोर्ड फ्लिप कवर और स्टायलस का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. कीबोर्ड एक्सेसरी के जरिए टैबलेट को डॉक करने की सुविधा भी मिलती है.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें