Shreeom Singh
Date: 24-09-26 14:18
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बुधवार रात आसमान में एक रहस्यमय चमकदार चीज दिखाई देने के बाद मिसाइल टेस्ट को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो के आधार पर दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना ने बलूचिस्तान में मिसाइल का परीक्षण किया है. बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे आसमान में तेज रोशनी के साथ एक वस्तु गुजरती दिखाई दी. हालांकि, पाकिस्तान की ओर से अभी तक इस घटना या किसी मिसाइल टेस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
बताया जा रहा है कि यह चमकदार चीज बलूचिस्तान के नुश्की और खारन इलाकों से भी दिखाई दी. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में इसके पीछे आसमान में एक लंबी और साफ लकीर नजर आ रही है. कुछ जानकारों ने फुटेज में दिख रही इसकी दिशा और दूसरी विशेषताओं के आधार पर इसे ऊंचाई पर होने वाले बैलिस्टिक मिसाइल टेस्ट से जोड़कर देखा है.
IRBM या ICBM का टेस्ट?
इस घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या पाकिस्तान ने किसी लंबी दूरी की मिसाइल का परीक्षण किया है. कुछ सोशल मीडिया दावों में इसे इंटरमीडिएट-रेंज बैलिस्टिक मिसाइल (IRBM) या इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) से जोड़ा जा रहा है. कुछ लोगों ने इसे मिसाइल के री-एंट्री फेज यानी वायुमंडल में दोबारा प्रवेश से भी जोड़कर देखा है.
इसी वजह से पाकिस्तान की हाइपरसोनिक मिसाइल क्षमता के टेस्ट की अटकलें भी लगाई जा रही हैं. हालांकि, अभी इन दावों की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. केवल आसमान में दिखाई दी रोशनी और वायरल वीडियो के आधार पर मिसाइल के प्रकार की निश्चित पहचान करना संभव नहीं है.
Pakistan just tested a nuclear capable ballistic missile https://t.co/L0ue4NT4ak
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
बलूचिस्तान के आसमान में किसी असामान्य गतिविधि को लेकर पहली बार इस तरह की चर्चा नहीं हो रही है. इससे पहले भी वहां दिखाई देने वाली रहस्यमय रोशनी और तस्वीरों के बाद पाकिस्तान के गुप्त मिसाइल परीक्षण को लेकर अटकलें लगती रही हैं.
अक्टूबर 2025 में भी क्वेटा और बलूचिस्तान के दूसरे इलाकों से सामने आई तस्वीरों के बाद पाकिस्तान के हाइपरसोनिक मिसाइल परीक्षण को लेकर चर्चा तेज हुई थी. हालांकि, उस समय भी ऐसे दावों को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई थी.
पाकिस्तान लगातार कर रहा मिसाइल टेस्ट
मिसाइल टेस्ट को लेकर ये अटकलें ऐसे समय में सामने आई हैं, जब पाकिस्तान अपने अलग-अलग मिसाइल सिस्टम का परीक्षण करता रहा है. इस साल 28 अप्रैल को पाकिस्तान आर्मी रॉकेट फोर्स कमांड ने स्वदेशी रूप से विकसित ‘फतह-II’ मिसाइल सिस्टम का ट्रेनिंग लॉन्च किया था.
इसके बाद 14 मई को पाकिस्तान ने स्वदेशी रूप से विकसित ‘फतह-4’ ग्राउंड-लॉन्च क्रूज मिसाइल की ट्रेनिंग फायरिंग की थी. ऐसे में बलूचिस्तान के आसमान में दिखाई दी रहस्यमय रोशनी ने एक बार फिर पाकिस्तान के संभावित मिसाइल टेस्ट को लेकर चर्चा बढ़ा दी है.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें