लोकदेवता बाबा रामदेव के जीवन, संघर्ष, सामाजिक समरसता और चमत्कारों को अब बड़े पर्दे पर भव्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। बाबा के जीवन पर आधारित हिंदी फीचर फिल्म कृष्ण अवतार रामदेव पीर का निर्माण शीघ्र शुरू होने जा रहा है। तैयारियों के सिलसिले में मुंबई से निर्माता-निर्देशक व लेखकों की टीम रामदेवरा पहुंची और बाबा की तपोभूमि व कर्मस्थली से जुड़े प्रमुख स्थलों का जायजा लिया।
मुंबई से आई टीम ने सबसे पहले बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन कर विधिवत पूजा अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इसके बाद दल ने पर्चा बावड़ी, पंच पीपली, डाली बाई की समाधि, भैरव राक्षस की गुफा तथा गुरु बालीनाथ का धूणा सहित कई स्थलों का अवलोकन किया। इन स्थलों को फिल्म की पटकथा और प्रसंगों के अनुसार शूटिंग लोकेशन को चिह्नित किया जा रहा है। विवाद से बचने के लिए फिल्म निर्माता-निर्देशक ने परिवारजनों से जुटाए तथ्य फिल्म के निर्माता-निर्देशक रंजनसिंह ने बताया कि बाबा रामदेव के प्रति देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अगाध आस्था है। इस फिल्म की योजना लंबे समय से चल रही थी, जो अब धरातल पर उतर रही है।
कहानी को पूरी तरह प्रामाणिक और तथ्यपरक रखने के लिए इतिहास व लोक मान्यताओं का बारीकी से अध्ययन किया गया है। किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए बाबा के परिवारजनों से भी गहन विचार विमर्श किया। उल्लेखनीय है कि रंजन सिंह चर्चित फिल्म बैंडिट क्वीन में सह निर्माता रह चुके हैं और 100 से अधिक टीवी सीरियल्स का निर्देशन व निर्माण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बाबा की महिमा पर फिल्म बनाना उनके लिए गौरव का विषय है। बड़े पर्दे पर फिल्म बनने की सूचना से स्थानीय बाशिंदों व श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म में बॉलीवुड और टीवी धारावाहिकों के जाने माने कलाकार विभिन्न महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। वर्तमान में पात्रों के अनुरूप कलाकारों के चयन (कास्टिंग) की प्रक्रिया चल रही है। रंजनसिंह ने बताया कि शूटिंग फरवरी 2027 से शुरू होगी और दिसंबर 2027 के अंत तक फिल्म को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया है।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.