Feedback
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब पति की दूसरी शादी के मंडप में पहली पत्नी पहुंच गई और जमकर हंगामा किया. मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी का बताया जा रहा है, जहां यह पूरी घटना हुई. जानकारी के अनुसार, दिल्ली की रहने वाली कंचन की शादी हापुड़ के आवास विकास कॉलोनी निवासी विकास से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और मामला न्यायालय में तलाक के रूप में विचाराधीन चल रहा था.
इसी बीच विकास ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने का फैसला किया और आवास विकास कॉलोनी के एक मंडप में शादी की तैयारी चल रही थी. जैसे ही कंचन को इसकी जानकारी मिली, वह अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गई और पुलिस को भी बुला लिया.
पति की दूसरी शादी में पहुंची पहली पत्नी
मंडप में पहुंचते ही कंचन ने शादी रुकवा दी और वहां जमकर हंगामा किया. आरोप है कि इस दौरान उसने विकास के परिवार की एक महिला के साथ मारपीट भी की. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. शादी समारोह में मौजूद रिश्तेदारों और परिजनों के बीच इसके बाद पंचायत हुई. काफी देर तक बातचीत और समझौते की कोशिश के बाद मामला शांत हुआ. अंत में पति विकास द्वारा 14 लाख रुपये देने पर कंचन और विकास के बीच समझौता हो गया.
बताया जा रहा है कि कंचन ने 14 लाख रुपये लेकर बिना तलाक हुए ही विकास की दूसरी शादी को अपनी सहमति दे दी और इसके बाद वह अपने माता-पिता के साथ वापस दिल्ली लौट गई. इस पूरे मामले में विकास ने कैमरे पर बयान देने से इनकार किया, लेकिन उन्होंने बताया कि यह उनका निजी मामला है. उनके अनुसार, उनके और कंचन के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था और न्यायालय में तलाक का मामला समाप्त होकर डिक्री हो चुकी है.
42 लाख रुपये में हुआ समझौता
विकास का कहना है कि कुल 42 लाख रुपये में समझौता हुआ था, जिसमें से 14 लाख रुपये बेटे के नाम पर जमा करने का आदेश कोर्ट ने दिया था और वह यह राशि जमा कर चुके हैं. साथ ही उन्होंने बताया कि उन्होंने कुल 42 लाख रुपये दे दिए हैं और अब मामला पूरी तरह सुलझ चुका है. इस घटना ने इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है और शादी का यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू