बिहार के भोजपुर में दर्दनाक हादसा, सोन नदी में तीन बच्चों समेत चार की डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम – Bharat24live

Yuvraj Singh
Date: 17-10-26 17:49
बिहार के भोजपुर जिले में सोन नदी का पानी चार परिवारों की खुशियां बहा ले गया. नदी में नहाने गए तीन बच्चों और उन्हें बचाने की कोशिश करने वाले एक युवक की डूबने से मौत हो गई. दर्दनाक हादसा संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव स्थित बरवा घाट पर हुआ. घटना की खबर फैलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई और मृतकों के परिवारों में मातम छा गया.
नहाते समय गहरे पानी में चले गए तीन बच्चे
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सात बच्चे सोन नदी में नहाने पहुंचे थे. इसी दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. बच्चों को संकट में देखकर सुधीर कुमार यादव (30) उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए, लेकिन वह खुद भी गहरे पानी में फंस गए. ग्रामीणों ने उन्हें और बच्चों को बचाने की कोशिश की, साथ ही पुलिस-प्रशासन को सूचना दी. काफी मशक्कत के बाद चारों के शव नदी से बाहर निकाले गए.
दो सगे भाइयों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आकाश शर्मा (15), प्रेम कुमार (12), शिवम उर्फ सिद्धांत कुमार (10) और सुधीर कुमार यादव (30) के रूप में हुई है. प्रेम और शिवम सगे भाई थे. दोनों बच्चों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. आकाश के पिता मजदूरी करते हैं, जबकि प्रेम और शिवम के पिता भी मजदूरी करके परिवार का गुजारा चलाते हैं. वहीं, सुधीर गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत से पत्नी और बच्चे के सामने भी मुश्किलें खड़ी हो गई हैं.
गहरे गड्ढों को लेकर ग्रामीणों की चिंता
हादसे के बाद सोन नदी में बालू कटाई से बने गहरे गड्ढों को लेकर सवाल उठने लगे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि नदी में मौजूद इन गड्ढों के कारण पानी की वास्तविक गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे नहाने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ जाता है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बरवा घाट पर पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं. उन्होंने प्रशासन से खतरनाक स्थानों को चिह्नित करने और घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है.
पोस्टमार्टम के बाद शुरू होगी मुआवजे की प्रक्रिया
संदेश के अंचलाधिकारी शम्मी कुमार ने चार लोगों की डूबने से मौत होने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इस हादसे ने एक बार फिर नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और बालू कटाई से बने गहरे गड्ढों की निगरानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें: Bihar News: आरा में सुबह-सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग, घर से 150 मीटर दूर पूर्व कस्टम अधिकारी की गोली मारकर हत्या
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News