बिहार चुनाव: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर मोकामा में FIR दर्ज, विपक्षी वोटरों को रोकने वाले बयान पर बवाल – Asianet News Hindi

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण के प्रचार का आज आखिरी दिन है। शाम 5 बजे से पहले चुनाव प्रचार थम जाएगा, लेकिन इससे ठीक पहले मोकामा विधानसभा क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। मोकामा में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह (राजीव रंजन सिंह) के खिलाफ जिला प्रशासन ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।
इस बात की पुष्टि खुद पटना के जिला मजिस्ट्रेट (DM) ने ट्वीट के माध्यम से की है। जिला प्रशासन ने बताया कि वीडियो निगरानी टीम (Video Surveillance Team) के फुटेज की जाँच के बाद यह कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन, पटना द्वारा वीडियो निगरानी टीम के वीडियो फुटेज की जांच की गई। जांचोपरांत इस मामले में श्री ललन सिंह उर्फ श्री राजीव रंजन सिंह के विरूद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सारा विवाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के एक वायरल वीडियो से शुरू हुआ है। इस कथित वीडियो में ललन सिंह विपक्षी वोटरों को वोट डालने से रोकने की बात कर रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था।
वायरल वीडियो और विवादित बयान के आलोक में चुनाव आयोग ने भी त्वरित कार्रवाई की है। बिहार के मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से ललन सिंह को नोटिस भेजा गया है। चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री के बयान को आचार संहिता का संभावित उल्लंघन माना है।
ललन सिंह को अपनी सफाई पेश करने के लिए केवल 24 घंटे का समय दिया गया है। अब देखना यह होगा कि मतदान से ठीक पहले, ललन सिंह इस मामले में चुनाव आयोग को क्या स्पष्टीकरण देते हैं।
यह घटना तब हुई है जब मोकामा के बाहुबली नेता और JDU प्रत्याशी अनंत सिंह दुलारचंद मर्डर मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल में हैं। अनंत सिंह के जेल जाने के बाद, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने खुद इस चुनाव की कमान संभाल ली थी। उन्होंने बीते दिनों कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा था कि अनंत सिंह की गैरमौजूदगी में मोकामा चुनाव की जिम्मेदारी हमने अपने हाथों में ले ली है, और जनता का हर एक व्यक्ति अनंत सिंह बनकर चुनाव लड़े। ललन सिंह लगातार अनंत सिंह के लिए वोट मांग रहे थे, लेकिन अब आचार संहिता उल्लंघन के मामले में FIR दर्ज होने के बाद मोकामा की यह हॉट सीट और भी ज़्यादा विवादों में घिर गई है।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News