चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों के लिए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने पीजी में नए विकल्प खोले हैं। शैक्षणिक सत्र 2026 से ऑनलाइन और दूरस्थ शिक्षा माध्यम में 9 विषयों में एक वर्षीय मास्टर डिग्री कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इनमें सामाजिक विज्ञान, वाणिज्य, पत्रकारिता और मानविकी के विषय शामिल हैं।
सामाजिक विज्ञान में अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र और इतिहास में एक वर्षीय एमए शुरू किया गया है। वाणिज्य में बीकॉम ऑनर्स विद्यार्थियों के लिए एक वर्षीय एमकॉम का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। पत्रकारिता एवं जनसंचार में भी एक वर्षीय एमए कार्यक्रम शुरू किया गया है। मानविकी वर्ग में अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत और उर्दू में एक वर्षीय एमए की शुरुआत की गई है। इन विषयों में चार वर्षीय यूजी ऑनर्स तथा यूजी ऑनर्स विद रिसर्च करने वाले विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग ट्रैक निर्धारित किए गए हैं। यूजीसी की नई व्यवस्था और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शुरू किए गए इन कार्यक्रमों से चार वर्षीय स्नातक करने वाले विद्यार्थियों को पीजी के लिए अधिक समय नहीं देना पड़ेगा। पहले सामान्य व्यवस्था में स्नातक के बाद मास्टर डिग्री की अवधि दो वर्ष थी। नई व्यवस्था में पात्र विद्यार्थियों के लिए यह अवधि एक वर्ष होगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.