केंद्र सरकार ने मौजूदा बैंकिंग तौर-तरीकों में सुधार और एआई व डिजिटल नवाचार के लिए रोडमैप तैयार करने हेतु एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।
बैंकिंग सुधारों हेतु उच्चस्तरीय समिति का गठन।
बैंकिंग सुधारों हेतु उच्चस्तरीय समिति का गठन, सुरेश पटेल अध्यक्ष
समिति एआई और डिजिटल नवाचार के लिए रोडमैप तैयार करेगी
भारतीय बैंकों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने पर जोर देगी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने मौजूदा बैंकिंग तौर-तरीकों का आकलन कर सुधारों के सुझाव देने के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन कर दिया है। समिति एआइ और डिजिटल नवाचार के लिए रोडमैप भी तैयार करेगी। ‘विकसित भारत के लिए बैंकिंग पर उच्चस्तरीय समिति’ की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय सतर्कता आयुक्त सुरेश एन पटेल करेंगे।
आरबीआई के डिप्टी गवर्नर शिरीष चंद्र मुर्मू, पूर्व डिप्टी गवर्नर एनएस विश्वनाथन और इंडियन बैंक की पूर्व प्रबंध निदेशक पद्मजा चुंदुरू इसके सदस्य होंगे। समिति की घोषणा केंद्रीय बजट 2026-27 में की गई थी। वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि समिति का कार्यकाल छह महीने होगा।
समिति मौजूदा बैंकिंग तौर-तरीकों और विवेकपूर्ण नियामकीय मानदंडों की समीक्षा करेगी। वह वैश्विक सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों की पहचान कर उन्हें भारतीय बैंकिंग प्रणाली के अनुकूल बनाने और भारतीय बैंकों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने का रोडमैप तैयार करेगी।
समिति क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों और सहकारी बैंकों समेत बैंकों के नियामकीय व कानूनी ढांचे की समीक्षा कर बैंकिंग को अधिक कुशल और सुगम बनाने के सुझाव भी देगी। इसके अलावा, समिति वित्त संस्थानों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों समेत बैंकों की दीर्घकालिक पूंजी जरूरतों का आकलन करेगी और ऋण वृद्धि के लिए वित्तपोषण स्रोतों तथा सहायक तंत्रों पर सिफारिशें देगी।
कारोबारों के लिए पूंजी लागत में अंतर की जांच के साथ समिति सतत विकास हेतु निजी निवेश बढ़ाने के नीतिगत विकल्प सुझाएगी और बैंकिंग संस्थानों में एआई व डिजिटल नवाचार के लिए रोडमैप तथा साइबर जोखिमों से बचाव के उपाय भी सुझाएगी। इसके अलावा, बैंकिंग क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्रतिभा भर्ती और क्षमता निर्माण की रणनीति पर विचार करेगी।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।