भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी पर नकेल कसने के लिए एसएसबी और महुआवा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। इस दौरान गांजा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 3 किलो 780 ग्राम गांजा बरामद किया।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, एक व्यक्ति पचपोखरिया रेलवे ढाला के पास गांजा की खेप लेकर जाने वाला था।
इस सूचना के आधार पर एसएसबी 47वीं बटालियन और महुआवा थाना की टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान, पुलिस ने मझौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम मझौली निवासी युनुस मियां के पुत्र अरबाज आलम को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अरबाज आलम के पास से 3.780 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह यह मादक पदार्थ कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने तस्करी में शामिल कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.