रक्सौल में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 47वीं वाहिनी ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बड़ी कार्रवाई की है। जवानों ने भारी मात्रा में विदेशी मक्का की तस्करी को विफल करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। जब्त मक्के का कुल वजन 5,000 किलोग्राम है।
SSB कमांडेंट संजय पांडेय ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा के रास्ते खाद्य सामग्री की बड़े पैमाने पर तस्करी की जा सकती है। इस सूचना के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई और विशेष निगरानी अभियान शुरू किया गया।
संदिग्ध लावारिस ट्रॉली खड़ी मिली
इसी अभियान के दौरान, पिलर संख्या 408/2 स्थित हरिपुर पुरैनिया गांव के सातों माई मंदिर के निकट एक संदिग्ध लावारिस ट्रॉली खड़ी मिली। स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी ट्रॉली के स्वामित्व की जिम्मेदारी नहीं ली।
तलाशी में 200 बोरी विदेशी मक्का बरामद हुआ
संदेह के आधार पर, SSB की टीम ने ट्रॉली की तलाशी ली, जिसमें 200 बोरी विदेशी मक्का बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी की जांच के बाद कुल वजन 5,000 किलोग्राम पाया गया। बरामद बोरियों पर अंकित विवरण के अनुसार, यह मक्का नेपाल के पर्सा जिले, बीरगंज स्थित बजाज इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, आदर्श नगर से आयातित था।
मामले की विस्तृत जांच शुरू
प्रारंभिक जांच से संकेत मिलते हैं कि इस विदेशी मक्के को अवैध रूप से भारत में तस्करी करने का प्रयास किया जा रहा था। SSB ने नियमों के तहत ट्रॉली और पूरे माल को जब्त कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
SSB के जवान लगातार दिन-रात गश्त कर रहे
स्थानीय पुलिस और संबंधित एजेंसियों को भी इस संबंध में सूचना दे दी गई है ताकि तस्करी नेटवर्क की पहचान की जा सके। कमांडेंट संजय पांडेय ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी पर रोक लगाने के लिए SSB के जवान लगातार दिन-रात गश्त कर रहे हैं और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को फैलने नहीं दिया जाएगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.