भास्कर अपडेट्स: कर्नाटक हाईकोर्ट ने BJP सांसद तेजस्वी सूर्या के खिलाफ दर्ज फर्जी खबर की FIR खारिज की – Dainik Bhaskar

कर्नाटक हाईकोर्ट ने भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या के खिलाफ दर्ज FIR को खारिज कर दिया है। सूर्या पर हावेरी जिले में एक किसान की आत्महत्या के मामले में फर्जी खबर फैलाने का आरोप था।
8 नवंबर को तेजस्वी सूर्या ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया था कि हावेरी जिले के किसान रुद्रप्पा बालिकाई ने अपनी जमीन पर वक्फ बोर्ड के कब्जे के बाद आत्महत्या कर ली। उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और मंत्री बीजेड जमीर अहमद खान पर “कर्नाटक में विनाशकारी प्रभाव” डालने का आरोप लगाया।
सूर्या ने अपनी पोस्ट में एक स्थानीय पोर्टल की खबर का लिंक भी साझा किया था। हालांकि, पुलिस जांच में सामने आया कि किसान ने कर्ज के बढ़ते बोझ के कारण आत्महत्या की थी। सूर्या ने FIR को चुनौती देते हुए इसे खारिज करने की मांग की थी। जस्टिस एम नागप्रसन्ना ने गुरुवार को उनकी याचिका पर फैसला सुनाते हुए एफआईआर रद्द कर दी।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
कर्नाटक में लिंगायत समुदाय के आंदोलन को BJP ने समर्थन दिया, कलबुर्गी में रैली; आरक्षण बढ़ाकर 15% करने की मांग
कर्नाटक के लिंगायत पंचमसाली समुदाय की आरक्षण की मांग को लेकर जारी प्रदर्शन का भाजपा ने समर्थन किया है। आज लिंगायत समुदाय कलबुर्गी में रैली निकाल रहे हैं। पंचमसाली लिंगायत समुदाय को फिलहाल शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी नौकरियों में 5% आरक्षण मिला हुआ है। अब वे इसे बढ़ाकर 15% करने की मांग कर रहे हैं।
दरअसल, पिछले साल कर्नाटक विधानसभा चुनाव से दो महीने पहले राज्य की भाजपा सरकार ने OBC मुसलमानों को मिलने वाला 4% आरक्षण खत्म कर दिया था। 4% कोटे को वोक्कालिगा और लिंगायत समुदायों में बांटा गया।
मंगलवार को बेंगलुरु में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा तोड़कर विधानसभा की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। मौके पर सड़क पर जूते-चप्पल बिखरे मिले। कई प्रदर्शनकारियों के सिर से खून बहने के वीडियो भी सामने आए थे।
केरल के पलक्कड़ में ट्रक की टक्कर से 4 छात्रों की मौत, एक घायल
केरल के पलक्कड़ जिले के कल्लदीकोडे में एक ट्रक ने स्कूली छात्रों को कुचल दिया। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। ट्रक सीमेंट लेकर मन्नारकाड की ओर जा रहा था। केरल सीएमओ ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के झांसी में मुफ्ती खालिद के घर पहुंची NIA की टीम, स्थानीय लोगों ने टीम को घेरा
उत्तर प्रदेश के झांसी में स्थानीय लोगों ने नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) टीम को घेर लिया। NIA की टीम मुफ्ती खालिद के घर रेड करने और उसे पूछताछ करने पहुंची थी। तभी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और NIA टीम को रोकने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस फोर्स को बुलाया गया और आरोपी को हिरासत में लिया गया। खालिद पर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने और आतंकी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप है। एनआईए टीम ने जम्मू-कश्मीर, असम, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और गुजरात के 19 ठिकानों पर छापेमारी की है।
शिर्डी के साईंबाबा मंदिर में NSG और फोर्स वन ने मॉक ड्रिल की, आतंकी हमले को देखते हुए की रिहर्सल
राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और महाराष्ट्र पुलिस के फोर्स वन कमांडो ने शिर्डी के साईंबाबा मंदिर परिसर में मॉक ड्रिल की। आतंकी हमले की स्थिति में सुरक्षा तैयारियों की जांच के लिए ​बुधवार रात करीब 11 बजे से गुरुवार सुबह तक ड्रिल की गई। अहिल्यानगर जिले के शिर्डी में स्थित साईंबाबा के मंदिर में रोजाना हजारों श्रद्धालु आते हैं। आतंकियों के मंदिर में घुसने की स्थिति को देखते हुए NSG कमांडो आधुनिक हथियार लेकर बुधवार देर रात परिसर में घुसे।
ओडिशा पुलिस 78 बांग्लादेशियों को उनके देश वापस भेजेगी, कोस्ट गार्ड्स ने पकड़ा था
ओडिशा पुलिस ने 78 बांग्लादेशियों को उनके देश वापस भेजने का फैसला किया है। इन बांग्लादेशियों को कोस्ट गार्ड्स ने भारतीय सीमा में एंट्री करने के आरोप में पकड़ा था।
ब्रिटेन में सड़क हादसे में भारतीय छात्र की मौत, 4 घायल; सभी आंध्र प्रदेश के रहने वाले
इंग्लैंड के लीसेस्टरशायर में एक सड़क हादसे में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक हादसा मंगलवार सुबह हुआ जब एक कार खाई में गिर गई। उसमें सवार 32 साल के चिरंजीवी पंगुलुरी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो और लोग गंभीर तौर पर जख्मी हैं। वहीं एक महिला और कार ड्राइवर भी घायल हैं।
लीसेस्टरशायर पुलिस ने बताया कि चिरंजीवी लीसेस्टर से मार्केट हार्बरो की तरफ जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। ड्राइवर को खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सभी लोग आंध्रप्रदेश से हैं। पुलिस अपनी जांच में मदद के लिए गवाहों और डैशकैम फुटेज की मदद ले रही है।
गुरुग्राम में क्लब के बाहर बम हमलों की लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, रोहित गोदारा और गोल्डी बरार ने FB पर की पोस्ट
लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगियों रोहित गोदारा और गोल्डी बरार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट कर गुरुग्राम सेक्टर 29 में क्लब के बाहर हुए बम हमले की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने लिखा कि बार मालिक अवैध तरीकों से करोड़ों रुपए कमाता है, टैक्स की चोरी करता है और देश को नुकसान पहुंचाता है। सभी को टैक्स देना होगा। यह एक छोटा हमला था, हम इससे बड़ा अटैक भी कर सकते हैं।
पुलिस ने बताया कि पोस्ट की जांच की जा रही है। गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को घटना के सिलसिले में सचिन नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आर्मी जवान ने अपनी राइफल से सुसाइड किया
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आर्मी के जवान ने अपनी राइफल से सुसाइड कर लिया। हवलदार इंदेश कुमार मंजाकोट के अंजनवाली गांव में अपने कैंप में थे जब उन्होंने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया।
मणिपुर के इंफाल में उग्रवादी संगठन प्रेपक (प्रो) के 3 सदस्य गिरफ्तार
मणिपुर के थौबल जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलीपाक (प्रेपक-प्रो) के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित समूह के गिरफ्तार सदस्य जबरन वसूली में शामिल थे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News