भास्कर अपडेट्स: रवांडा से भारत लाया गया लश्कर का आतंकी; इंटरपोल के रेड नोटिस के बाद किगाली में पकड़ा गया – Dainik Bhaskar

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने बेंगलुरु की जेलों में आतंकी साजिश मामले में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी सलमान खान का रवांडा से प्रत्यर्पण करवाया। 27 नवंबर को रवांडा के किगाली में पकड़े गए सलमान को आज सुबह भारत वापस लाया गया। बेंगलुरु में NIA की विशेष अदालत से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर इंटरपोल ने रेड नोटिस के बाद सलमान का प्रत्यर्पण किया गया।
सलमान पर आतंकी गतिविधियों के लिए विस्फोटकों के संग्रह और वितरण की सुविधा देने का आरोप है। आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश होने के बाद उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। सलमान 2020 से प्रमुख एनआईए मामलों में प्रत्यर्पित होने वाला 17वां आरोपी है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में ब्लास्ट, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और बॉम्ब स्क्वॉड पहुंचा
दिल्ली के रोहिणी में प्रशांत विहार इलाके में पीवीआर मल्टीप्लेक्स के पास आज सुबह 11.48 बजे गुरुवार को कम तीव्रता का विस्फोट हुआ। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक उनके पास विस्फोट से जुड़ा एक कॉल आया था। जिसके बाद फायर व्हीकल्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि पास में खड़े एक व्यक्ति को मामूली चोटें आईं हैं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
प्रशांत विहार में यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 20 अक्टूबर को सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल के पास भी इसी तरह का विस्फोट हुआ था। पूरी खबर पढ़ें …
दिल्ली के बिजवासन में ED की टीम पर हमला, एक अधिकारी घायल
दिल्ली के बिजवासन इलाके में छापे के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पर हमला हुआ। वहां पांच लोग मौजूद थे, जिनमें से एक भाग गया। परिसर को सुरक्षित कर लिया गया है। साथ ही FIR भी दर्ज की जा रही है। घटना में ED के एक एडीशनल डायरेक्टर घायल हुए हैं।
ED की यह टीम पीपीपीवाईएल साइबर ऐप धोखाधड़ी के खिलाफ दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग केस में जांच करने गई थी। जिससे कई लोगों के साथ धोखाधड़ी हुई है। तभी वहां मौजूद आरोपियों अशोक शर्मा और उनके भाई ने कथित तौर पर ईडी की टीम पर हमला कर दिया।
ED को I4C और फाइनेंशियल इंटेलीजेंस यूनिट से फिशिंग, क्यूआर कोड धोखाधड़ी, पार्ट टाइम जॉब धोखाधड़ी जैसे साइबर क्राइम के बारे में इनपुट मिलने के बाद तलाशी हो रही है।
कर्नाटक में स्कूली छात्रों से भरी बस पलटी, 60 बच्चे और 7 शिक्षक सवार थे
कर्नाटक में स्कूली बच्चों को एजुकेशन ट्रिप पर ले जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा कोप्पल जिले के गंगावटी में हुआ। बस में वसावी स्कूल के करीब 60 छात्र और 7 शिक्षक सवार थे। हादसे में बच्चों और शिक्षकों को मामुली चोटे ही आई है। बस बच्चों को हम्पी और विजयपुर लेकर जा रही थी। हादसे के बाद पुलिस और परिवहन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। छात्रों और शिक्षकों को ले जाने के लिए दूसरी बस का इंतजाम कर दिया गया है।
असम में पुलिस ने 76,000 याबा टैबलेट जब्त कीं, 3 गिरफ्तार; 1 Kg क्रिस्टल मेथामफेटामाइन भी सीज
असम पुलिस ने छापेमारी में 76,000 याबा टैबलेट जब्त कीं। इस दौरान 3 लोगों को गिरफ्तार किया। 2 गाड़ियों के जरिए इन टैबलेट्स की तस्करी हो रही थी। इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए है। छापेमारी श्रीभूमि जिले के पटेल नगर इलाके में हुई थी।
याबा टैबलेट में मेथेम्फेटामाइन और कैफीन मिला होता है। यह लाल रंग की होती है और पूर्वी म्यांमार के शान, काचिन सहित दो अन्य राज्यों में बनती है।
इससे पहले असम राइफल्स ने कस्टम डिपार्टमेंट के साथ एक ज्वाइंट ऑपरेशन में करीब 1 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन जब्त किया। इसे आमतौर पर ICE के रूप में जाना जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 16 करोड़ रुपए है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News