भास्कर अपडेट्स: सूरत के पास वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव करने के आरोप में बिहार के तीन लोग गिरफ्तार – Dainik Bhaskar

सूरत के पास वंदे भारत एक्सप्रेस पर मजे-मजे में पत्थर फेंकने और ट्रेन की खिड़कियां तोड़ने के आरोप में बिहार के तीन मजदूरों कोगिरफ्तार किया गया है।
यह घटना 18 अक्टूबर को रात करीब 11:30 बजे उत्रान और सूरत के बीच हुई।
पुलिस के अनुसार, 26904 उदयपुर सिटी-सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच C-6 पर पत्थर फेंके गए। इस घटना में दो खिड़कियों के तीन शीशे और पैंट्री कार का शीशा टूट गया, लेकिन किसी यात्री या स्टाफ सदस्य को चोट नहीं आई।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
फुकेट से कोलकाता आ रही फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, टॉयलेट में मैसेज लिखा मिला; 2 दिन में दूसरा मामला
कोलकाता एयरपोर्ट पर फुकेत-कोलकाता फ्लाइट के शौचालय में बम की धमकी वाला एक संदेश मिलने से एयरपोर्ट पर सुरक्षा को लेकर हड़कंप मच गया, जिसके बाद विमान की सघन तलाशी ली गई।
इसके बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद CISF, बम निरोधक दस्ते और एयरपोर्ट पुलिस ने विमान की तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बम की धमकी का यह लगातार दूसरा मामला है।
इससे पहले शुक्रवार को महिलाओं के शौचालय में एक हाथ से लिखा नोट मिला था, जिसमें बोर्डिंग गेट पर बम होने की धमकी दी गई थी।
जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव होंगे सज्जन सिंह यादव, अटल डुल्लू 31 अक्टूबर को रिटायर होंगे
केंद्र सरकार ने 1995 बैच के AGMUT कैडर के IAS अधिकारी सज्जन सिंह यादव को जम्मू-कश्मीर का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, वह 1 नवंबर से यह जिम्मेदारी संभालेंगे। यादव, अटल डुल्लू की जगह लेंगे। डुल्लू 1989 बैच के IAS अधिकारी हैं। वे 31 अक्टूबर को रिटायर होने वाले हैं।
दिल्ली के स्कूल में छात्रा ने आत्महत्या की, मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और क्राइम सीन टीम मौजूद
दिल्ली के शाहदरा जिले के एक स्कूल में एक छात्रा की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, छात्रा ने आत्महत्या की है। मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और क्राइम सीन टीम पहुंची है। मामले की जांच की जा रही है।
आंध्र प्रदेश में सड़क निर्माण साइट पर डीजल में आग लगने से 5 की मौत
आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में सड़क निर्माण साइट पर आग लगने से 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा शनिवार को अनंतगिरि मंडल के पिनाकोटा गांव में हुआ।
जिले के पुलिस अधीक्षक अमित बरदार ने बताया कि निर्माण स्थल शहर से करीब 100 किलोमीटर दूर है। यहां वाहनों में डीजल भरने के लिए कर्मचारी आमतौर पर ड्रम में डीजल लाते हैं।
पुलिस के मुताबिक, डंपर की टंकी में डीजल भरते समय कर्मचारियों ने जरूरी सावधानियां नहीं बरती होंगी। इस दौरान निकली चिंगारी से आग लगने की आशंका है।
पुणे के स्कूल में 9वीं की छात्रा पर चाकू से हमला, आरोपी छात्र गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक 9वीं की एक छात्रा पर उसके क्लासमेट ने स्कूल के अंदर चाकू से हमला कर दिया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 बजे महालुंगे गांव के स्कूल में हुई। छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, उसकी हालत स्थिर है।
पुलिस के अनुसार, स्कूल के छात्र 17 और 18 अक्टूबर को सतारा जिले के पंचगनी और महाबलेश्वर घूमने गए थे। इस दौरान एक कार्यक्रम में लड़कियों के डांस का वीडियो बनाया गया था। आरोप है कि 9वीं में पढ़ने वाले छात्र ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर डाल दिया।
इसे लेकर छात्रों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने वीडियो हटा दिया। पुलिस को शक है कि इसी विवाद से नाराज होकर छात्र ने छात्रा पर चाकू से हमला किया। पुलिस ने छात्रा का बयान दर्ज कर लिया है और आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है।
हैदराबाद एयरपोर्ट पर ₹1.56 करोड़ की विदेशी करेंसी जब्त, 2 यात्री गिरफ्तार
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर DRI ने करीब ₹1.56 करोड़ की विदेशी करेंसी जब्त की है। इस मामले में एक पुरुष और एक महिला यात्री को गिरफ्तार किया गया है। दोनों 22 अक्टूबर को हैदराबाद से मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर जाने वाली फ्लाइट से यात्रा करने वाले थे।
DRI की हैदराबाद जोनल यूनिट ने खुफिया जानकारी के आधार पर पहले पुरुष यात्री को रोका। उसके ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच काले प्लास्टिक कवर में छिपाए गए अमेरिकी डॉलर और मलेशियाई रिंगिट मिले। इनकी कीमत करीब ₹63.62 लाख थी।
पूछताछ के दौरान अधिकारियों को पता चला कि उसी फ्लाइट में एक महिला यात्री भी अलग PNR पर सफर कर रही थी। उसके ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच काले प्लास्टिक कवर में रखे 97,600 अमेरिकी डॉलर मिले, जिनकी कीमत करीब ₹91.94 लाख थी। दोनों यात्री विदेशी करेंसी खरीदने और उसे ले जाने से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
दिल्ली मेट्रो में सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले पोस्टर मिले, FIR दर्ज
दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की ट्रेन में सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले दो पोस्टर मिलने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टरों पर देश में हाल के वर्षों में हुए बदलावों को लेकर नौ दावे लिखे थे। इनमें ‘वोटिंग प्रोटेस्ट’ और ‘असंतुष्ट हैं? आप अकेले नहीं हैं’ जैसे संदेश भी थे। पोस्टरों पर एक QR कोड भी था, जिसके जरिए लोगों को ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ने के लिए कहा गया था।
यह मामला 20 अक्टूबर को सामने आया, जब ट्रेन ऑपरेटर तरुण चौधरी को एक सीट पर पोस्टर चिपके मिले। उन्होंने पोस्टर हटाकर अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने पोस्टर जब्त कर लिए हैं। मामले की जांच में स्पेशल सेल भी शामिल है।
ओडिशा में कोणार्क सूर्य मंदिर के पास 110 करोड़ की जमीन सरकार को लौटेगी
ओडिशा में कोणार्क सूर्य मंदिर के पास 110 करोड़ रुपए की 11 एकड़ जमीन राज्य सरकार के नाम पर वापस दर्ज की जाएगी। राजस्व बोर्ड ने 37 साल पुराने आदेश को रद्द करते हुए जमीन का मालिकाना हक सरकार को लौटाने का निर्देश दिया है।
पुरी के जिला कलेक्टर की याचिका पर यह फैसला सुनाया गया। विवादित जमीन को पहले सरकारी रिकॉर्ड में खाली जमीन के रूप में दर्ज किया गया था, लेकिन 1989 में इसे एक निजी व्यक्ति के नाम कर दिया गया था। निजी व्यक्ति ने पुराने हस्तलिखित जमीन आवंटन दस्तावेजों के आधार पर जमीन पर दावा किया था।
हालांकि, राजस्व बोर्ड ने कहा कि लंबे समय तक जमीन पर कब्जा, खेती करना और लगान भरना अपने आप में कानूनी मालिकाना हक साबित नहीं करता। बोर्ड ने पुराने आदेश को रद्द कर स्थानीय अधिकारियों को जमीन फिर से सरकारी खाते में दर्ज करने का निर्देश दिया है।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News