Feedback
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को मंगलवार को कोलकाता में ‘चोर-चोर’ के नारों का सामना करना पड़ा. कुछ दिन पहले ही हालीशहर में भी उनके खिलाफ इसी तरह के नारे लगाए गए थे. मंगलवार को टीएमसी ने बीजेपी सांसद की ओर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में कार्यक्रम आयोजित किया था, लेकिन यह कार्यक्रम भी राजनीतिक टकराव में बदल गया.
ममता बनर्जी उत्तर कोलकाता के श्यामबाजार फाइव-पॉइंट क्रॉसिंग पहुंचीं. उनके हाथ में स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस का चित्र था. यहां उन्होंने नेताजी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि दी. यह कार्यक्रम बीजेपी के राज्यसभा सांसद नागेंद्र रॉय की नेताजी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में आयोजित किया गया था.
नागेंद्र रॉय ने नेताजी को ‘युद्ध अपराधी’ बताया था. उन्होंने नेताजी के नेतृत्व पर सवाल उठाए और आजाद हिंद फौज की भारत के स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका पर भी सवाल खड़े किए थे. हालांकि, पश्चिम बंगाल बीजेपी के नेताओं ने इन बयानों से दूरी बना ली है. उन्होंने कहा कि नागेंद्र रॉय की टिप्पणी पूरी तरह उनकी निजी राय है और पार्टी न तो इसका समर्थन करती है और न ही इसे पार्टी की सोच मानती है.
बीजेपी के खिलाफ मुद्दा
टीएमसी ने इन टिप्पणियों को बंगाल की राष्ट्रवादी विरासत और नेताजी के सम्मान पर हमला बताते हुए इसे बीजेपी के खिलाफ राजनीतिक मुद्दा बना लिया है. मंगलवार के कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग आयोजन स्थल के पास जमा हुए और ममता बनर्जी के खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाने लगे. इससे कुछ समय के लिए कार्यक्रम में व्यवधान भी आया.
ममता बनर्जी को घेर लिया था प्रदर्शनकारियों ने
यह घटना हालीशहर की घटना के महज दो दिन बाद हुई है. रविवार को ममता बनर्जी की गाड़ी को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया था. आरोप है कि टीएमसी के एक कार्यकर्ता की पुलिस हिरासत में मौत के बाद उसके परिवार से मिलने पहुंची ममता के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने ‘चोर’ के नारे लगाए और मिट्टी व चप्पलें भी फेंकीं. पुलिसकर्मियों ने उनकी गाड़ी के चारों ओर घेरा बनाकर रास्ता साफ कराया था.
ममता बनर्जी ने मंगलवार को अपना ध्यान स्वतंत्रता आंदोलन पर रखा और नेताजी, महात्मा गांधी तथा मातंगिनी हाजरा का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी केवल ‘दिखावे’ के लिए कार्यक्रम आयोजित नहीं करती, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों का दिल से सम्मान करती है.म
टीएमसी ने बीजेपी के ऊपर लगाया आरोप
टीएमसी ने आरोप लगाया कि श्यामबाजार में प्रदर्शन बीजेपी समर्थित लोगों ने जानबूझकर कार्यक्रम को बाधित करने और ममता का अपमान करने के लिए किया. बीजेपी ने हालीशहर की घटना में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया है और इन प्रदर्शनों को ममता के खिलाफ जनता के गुस्से का प्रदर्शन बताया है.
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने भी हालीशहर की घटना में पार्टी की भूमिका से इनकार किया था. उन्होंने इसे ममता के खिलाफ ‘जनता का गुस्सा’ बताया और कहा था कि लोगों ने उन्हें ‘चोर’ इसलिए कहा क्योंकि उन्होंने बहुत चोरी की है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू