Feedback
कभी-कभी शरीर में होने वाली छोटी-सी परेशानी के पीछे ऐसी वजह छिपी होती है, जिसके बारे में कोई सोच भी नहीं सकता. ऑस्ट्रेलिया में एक 50 साल की महिला के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. महिला को अचानक पेट में तेज दर्द होने लगा. जब वह अस्पताल पहुंची और डॉक्टरों ने जांच की तो उनके होश उड़ गए. महिला के पेट के अंदर करीब 4 सेंटीमीटर लंबी सिलाई वाली सुई मौजूद थी. हैरानी की बात यह थी कि महिला को खुद भी पता नहीं था कि उसके शरीर में सुई कैसे पहुंची. यह मामला ऑस्ट्रेलिया के जॉन हंटर अस्पताल के डॉक्टरों ने एक मेडिकल रिपोर्ट में बताया है. डॉक्टरों के मुताबिक, महिला को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उसके पेट में कोई नुकीली चीज मौजूद है.
रिपोर्ट के मुताबिक, 50 साल की महिला को अचानक पेट में दर्द होने लगा था. यह दर्द करीब एक दिन से बना हुआ था. इसके बाद वह अस्पताल के इमरजेंसी डिपार्टमेंट पहुंची. डॉक्टरों ने जब महिला की जांच की तो पेट छूने पर उसे हल्का दर्द महसूस हो रहा था. इसके अलावा उसकी दिल की धड़कन भी काफी तेज थी. जांच में हार्ट रेट करीब 130 बीट प्रति मिनट दर्ज की गई. हालांकि, खून की सामान्य जांच में कोई बड़ी गड़बड़ी सामने नहीं आई. इसके बाद डॉक्टरों ने महिला का सीटी स्कैन (CT Scan) किया. इस जांच में पेट के बाईं तरफ करीब 4 सेंटीमीटर लंबी धातु की एक चीज दिखाई दी. शुरुआत में डॉक्टरों को यह भी नहीं पता था कि यह चीज महिला के पेट में कैसे पहुंची. खास बात यह थी कि उस समय पेट के अंदर किसी बड़ी सूजन या अंग को नुकसान पहुंचने के संकेत नहीं मिले थे.
पहले दर्द कम हुआ, फिर दोबारा अस्पताल पहुंची महिला
डॉक्टरों ने महिला को रातभर निगरानी में रखा. जब उसका दर्द कम हो गया तो उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. साथ ही कहा गया कि अगर दोबारा दर्द हो तो तुरंत अस्पताल आए. लेकिन अगले ही दिन महिला को फिर से पेट में दर्द होने लगा. वह दोबारा अस्पताल पहुंची. इस बार डॉक्टरों ने एक्स-रे कराया तो पता चला कि पेट के अंदर मौजूद मेटल की चीज अपनी जगह से आगे खिसक गई है. इसके बाद महिला को अचानक एक पुरानी बात याद आई. उसने बताया कि घटना से पहले वह सिलाई का काम कर रही थी और इसी दौरान उसे नींद आ गई थी. महिला को शक हुआ कि सोते समय वह गलती से सिलाई वाली सुई के ऊपर करवट लेकर लेट गई होगी. संभव है कि सुई उसकी स्किन के रास्ते शरीर के अंदर चली गई हो और उसे इसका पता भी नहीं चला हो.
सुई आंतों और नसों को पहुंचा सकती थी नुकसान
डॉक्टरों के लिए सबसे बड़ी चिंता यह थी कि पेट के अंदर मौजूद नुकीली सुई अपनी जगह बदल रही थी. अगर वह आगे बढ़ती तो आंतों या खून की नसों को नुकसान पहुंचा सकती थी. इससे पेट के अंदर गंभीर चोट, खून बहने या संक्रमण का खतरा हो सकता था. इसलिए डॉक्टरों ने सुई को निकालने के लिए ऑपरेशन करने का फैसला किया. उन्होंने छोटे चीरे लगाकर की जाने वाली सर्जरी (Laparoscopic Surgery) का सहारा लिया. इस तरीके में पेट में बड़े कट लगाने की जरूरत नहीं पड़ती. डॉक्टर छोटे छेद के जरिए कैमरा और जरूरी उपकरण अंदर डालकर ऑपरेशन करते हैं.
शरीर के अंदर चर्बी वाले टिश्यू में फंसी थी सुई
ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों को छोटी आंत को सहारा देने वाले टिश्यू के पास थोड़ा खून जमा हुआ मिला. हालांकि, सुई को ढूंढना आसान नहीं था. इसके बाद डॉक्टरों ने एक्स-रे की कई तस्वीरों और खास उपकरणों की मदद से सुई की सही जगह का पता लगाया. जांच में पता चला कि सुई पेट के अंदर मौजूद चर्बी वाले एक खास टिश्यू में फंसी हुई थी. इसे ग्रेटर ओमेंटम (Greater Omentum) कहते हैं. यह पेट के अंगों के आसपास मौजूद चर्बी की एक परत होती है.
यह सुई बड़ी आंत के एक हिस्से के पास फंसी हुई थी. डॉक्टरों ने सावधानी से उसे बाहर निकाल लिया. अच्छी बात यह रही कि ऑपरेशन के दौरान महिला की आंतों और पेट के दूसरे अंगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.
ऑपरेशन के अगले दिन मिली अस्पताल से छुट्टी
डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक सुई निकालने के बाद महिला को अस्पताल में निगरानी में रखा. ऑपरेशन के अगले दिन उसे छुट्टी दे दी गई. हालांकि, बाद में महिला की नाभि के आसपास हल्का संक्रमण हो गया था. डॉक्टरों ने उसे खाने वाली एंटीबायोटिक दवाएं दीं, जिसके बाद संक्रमण ठीक हो गया. डॉक्टरों ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि शरीर के अंदर पहुंचने वाली नुकीली चीजें अपनी जगह बदल सकती हैं. ऐसा होने पर आंतों में छेद होने, संक्रमण फैलने और खून की नसों को चोट पहुंचने का खतरा रहता है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू