हरियाणा के कुरुक्षेत्र शहर में दुकानदार की उसकी लिव-इन पार्टनर ने जहर देकर हत्या कर दी। घटना के बाद महिला अपने दोनों बच्चों समेत फरार हो गई। महिला पिछले महीने से दुकानदार के साथ रह रही थी। दुकानदार की पत्नी की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी। फिलहाल पु
मृतक की पहचान राम अवतार (46) निवासी मोहन नगर के रूप में हुई। राम अवतार की अग्रसेन चौक के पास ही मनियारी की दुकान है। पहली शादी से राम अवतार के पास तीन बेटी और एक बेटा है। राम अवतार दिल्ली के नरेला की रहने वाली शालू के साथ रह रहा था। महिला के दोनों बच्चे भी राम अवतार के घर रह रहे थे।
फोन पर शुरू हुई बातचीत
मृतक की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी है। उसके पिता राम अवतार फोन पर किसी महिला के साथ बातचीत करते थे। पिछले महीने 20 अप्रैल महिला अपने एक बेटे और एक बेटी के साथ उनके घर आ गई। महिला ने अपना नाम शालू बताया, जबकि बच्चों के नाम चिराग और रिया थे।
पिता ने खुद बुलाया
बेटी के मुताबिक, उसके पिता ने परिवार से साफ कहा था कि उन्होंने खुद शालू को घर में रहने के लिए बुलाया है। अब वह उनके साथ ही रहेगी। शुरुआत में सब सामान्य रहा, लेकिन कुछ दिन बाद शालू ने घर में महंगे सामान की मांग शुरू कर दी। पिता ने उसकी बात मानते हुए नया फ्रिज, अलमारी, बैड और दूसरा घरेलू सामान खरीद लिया।
कर्ज के तले दबा था परिवार
बेटी ने पुलिस को बताया कि परिवार पहले से मकान और दूसरे लोन के कर्ज में दबा हुआ था। इसके बावजूद खर्च लगातार बढ़ता गया। शालू के कहने पर उसके पिता ने चिराग का दाखिला भी कुरुक्षेत्र के अग्रसेन स्कूल में कराया गया, जिस पर भी काफी पैसा खर्च हुआ था। इसके बाद शालू अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करने लगी थी।
रात को चीखने की आवाज आई
बीती रात करीब 11 बजे वह अपने भाई-बहनों के साथ नीचे कमरे में थी, जबकि उसके पिता, शालू और उसके दोनों बच्चे ऊपर कमरे में थे। इसी दौरान पिता की चीखने की आवाज सुनाई दी। वह भाई-बहनों के साथ ऊपर गई। शालू ने उन्हें तुरंत नीचे भेज दिया। वे दोबारा ऊपर पहुंचे तो पिता लोहे की फोल्डिंग पर पड़े थे।
सिर पर लगी थी चोट
उसके पिता के सिर पर चोट थी और मुंह से सफेद झाग निकल रहे थे। उसने तुरंत अपने रिश्तेदारों और चाचा सुरेश कुमार को फोन किया। परिजन उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में लेकर गए, लेकिन LNJP सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोप लगाया कि शालू ने उसके पिता की जहर देकर हत्या कर दी।
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया
उधर, थाना सिटी थानेसर के SHO सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रात अस्पताल से सूचना मिली थी कि राम अवतार की जहरीला पदार्थ खाने के कारण मौत हो गई है। बेटी के बयान पर शालू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.