Feedback
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है जिसने मां-बेटे के रिश्ते को लेकर लोगों को झकझोर कर रख दिया. शहर के कायमपुरा मोहल्ले में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और उसके कुछ समय बाद बेटे की भी जान जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद मोहल्ले में लोगों की भीड़ जमा हो गई और हर कोई इस घटना को लेकर स्तब्ध दिखाई दिया.
जानकारी के अनुसार, कायमपुरा निवासी 70 वर्षीय ब्रह्मादेवी अपने घर में थीं. आरोप है कि उनके 45 वर्षीय बेटे सुनील कुमार ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी घर से निकल गया और सब्जी मंडी के पास शंकर भगवान मंदिर के नजदीक स्थित एक कुएं में छलांग लगा दी.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई. गंभीर हालत में सुनील को कुएं से बाहर निकालकर महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई.
पड़ोसियों के अनुसार, सुनील नशे का आदी था और घर में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी. लोगों का कहना है कि वह कई बार अपनी मां के साथ झगड़ा और मारपीट करता था. यह भी बताया जा रहा है कि सुनील अविवाहित था और पिछले कुछ समय से उसका व्यवहार असामान्य बताया जा रहा था.
घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी फैजल खान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस के अनुसार शुरुआत में उन्हें एक व्यक्ति के कुएं में कूदने की सूचना मिली थी. जांच के दौरान जब टीम उसके घर पहुंची तो वहां महिला का शव पड़ा मिला, जिस पर चोट के स्पष्ट निशान दिखाई दिए.
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू