Yasha Patel
Date: 26-11-26 12:52
अगर आप कम बजट में 7-सीटर कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो मारुति सुजुकी अर्टिगा की नई कीमतें जान लेना जरूरी है. कंपनी ने अपनी चुनिंदा कारों के दाम बढ़ा दिए हैं और इस लिस्ट में अर्टिगा भी शामिल है. पेट्रोल और सीएनजी दोनों विकल्पों में उपलब्ध यह एमपीवी हर महीने बड़ी संख्या में खरीदी जाती है. अक्टूबर में ही इसकी 20,641 यूनिट्स की बिक्री हुई थी. अब कीमतों में बढ़ोतरी के बाद ग्राहकों को इसे खरीदने के लिए पहले से ज्यादा रकम खर्च करनी होगी.
22 नवंबर से लागू हुईं नई कीमतें
मारुति सुजुकी ने अर्टिगा के अलग-अलग वेरिएंट्स की कीमतों में 3,500 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक का इजाफा किया है. कंपनी की ओर से घोषित नई दरें 22 नवंबर से लागू हो गई हैं. कीमतों में इस बदलाव के बाद अर्टिगा की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 8.95 लाख रुपये हो गई है, जबकि इसके टॉप वेरिएंट के लिए 13.19 लाख रुपये तक खर्च करने होंगे.
इन वेरिएंट्स पर पड़ा सबसे ज्यादा असर
कंपनी ने अर्टिगा के कुछ चुनिंदा वेरिएंट्स को 5,000 रुपये महंगा किया है. इनमें एलएक्सआई पेट्रोल मैनुअल, जेडएक्सआई पेट्रोल मैनुअल, जेडएक्सआई प्लस पेट्रोल मैनुअल, जेडएक्सआई सीएनजी मैनुअल, जेडएक्सआई पेट्रोल ऑटोमैटिक और जेडएक्सआई प्लस पेट्रोल ऑटोमैटिक शामिल हैं.
वहीं, बाकी वेरिएंट्स की कीमतों में 3,500 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. यानी अर्टिगा का कोई भी वेरिएंट अब पुरानी कीमत पर उपलब्ध नहीं होगा.
पेट्रोल और सीएनजी दोनों का मिलता है विकल्प
मारुति अर्टिगा में 1.5 लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है. पेट्रोल मोड में यह इंजन करीब 101 बीएचपी की पावर और 139 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. वहीं, सीएनजी वर्जन में इसकी पावर 86 बीएचपी और टॉर्क 121.5 एनएम है.
ट्रांसमिशन के लिए इसमें 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है. माइलेज की बात करें तो कंपनी के मुताबिक इसका सीएनजी वेरिएंट 26.11 किलोमीटर प्रति किलोग्राम और पेट्रोल वेरिएंट 20.51 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देता है.
7 लोगों के बैठने की जगह और 209 लीटर का बूट स्पेस
अर्टिगा को खासतौर पर बड़े परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसमें सात लोगों के बैठने की व्यवस्था है. सभी सीटें इस्तेमाल करने के बाद भी कार में 209 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जिसमें जरूरी सामान रखा जा सकता है.
यह एमपीवी मारुति सुजुकी के हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर तैयार की गई है. इसमें 6 एयरबैग, एबीएस और ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल होल्ड असिस्ट, आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट एंकर और रियर पार्किंग सेंसर व कैमरा जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
फीचर्स में भी नहीं है पीछे
अर्टिगा के केबिन में 7-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है. इसमें वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले का सपोर्ट दिया गया है. सात सीटों वाली इस कार में फैमिली ट्रिप के लिए जरूरी स्पेस और सुविधाएं मिलती हैं.
कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद अर्टिगा उन ग्राहकों के लिए एक विकल्प बनी हुई है, जिन्हें पेट्रोल या सीएनजी में 7-सीटर एमपीवी चाहिए. हालांकि, अब इसे खरीदने से पहले नए प्राइस टैग को ध्यान में रखना होगा.
यह भी पढ़ें: Motorola का नया स्मार्टफोन मचाएगा धूम! 50MP Sony कैमरा और 7000mAh बैटरी समेत मिलेंगे ये धांसू फीचर्स
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें