Written By Vijay Jain
Edited by: Vijay Jain
मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की कमिश्नर अश्विनी भिड़े के आधिकारिक ईमेल पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ.. Credit: AI
मुंबई में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की कमिश्नर अश्विनी भिड़े के आधिकारिक ईमेल पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ. इस ईमेल में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’, मेयर कार्यालय और शहर के विभिन्न मेट्रो स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. यह धमकी भरा ईमेल ऐसे संवेदनशील समय पर आया है, जब पूरा देश 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों की बरसी पर शहीदों को याद कर रहा है. ईमेल भेजने वाले अज्ञात शख्स ने चेतावनी दी है कि मुंबई में एक बार फिर 26/11 जैसा बड़ा आतंकी हमला दोहराया जाएगा.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ईमेल में खालिस्तानी अलगाववादी नारे लिखे गए हैं और 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया गया है. गौरतलब है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 1984 में देशभर में सिख विरोधी दंगे भड़के थे. ईमेल में 27 नवंबर से 21 दिसंबर के बीच की तारीखों का उल्लेख करते हुए हिंसा की धमकी दी गई है.
धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और अन्य केंद्रीय व राज्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड पर आ गईं. पुलिस की साइबर सेल टीम उस आईपी (IP) एड्रेस और सर्वर को ट्रेस करने में जुट गई है, जहां से यह ईमेल भेजा गया है. एहतियात के तौर पर अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’, बीएमसी मुख्यालय और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है.
प्रशासनिक सूत्रों से मिली अतिरिक्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष मुंबई मेयर के कार्यालय को इस तरह का धमकी भरा ईमेल मिलने का यह पांचवां मामला है. इससे पहले भी खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े सोशल मीडिया हैंडल के जरिए अमिताभ बच्चन और उनके परिवार को निशाना बनाने की कोशिशें सामने आ चुकी हैं, जिसके बाद उनकी सुरक्षा की समीक्षा की गई थी. फिलहाल पुलिस इस ताजा ईमेल की सत्यता और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।
Follow us :
B.A.G Convergence Limited Film
City, Sector 16A, Noida, Uttar
Pradesh 201301